लापरवाह आशा की सेवा समाप्ति का फरमान: स्वास्थ्य समिति की बैठक में

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 29 सितंबर 26। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में लापरवाह आशा की सेवा समाप्ति करने का फरमान जारी किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति (DHS) की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कार्यक्रम प्रभारियों को योजनाओं की प्रगति में सुधार, लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति और कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान पिछले माह की तुलना में वर्तमान माह की प्रगति, ABHA आईडी, परिवारवार आयुष्मान कार्ड की स्थिति तथा पूर्व में बनाए गए कार्डों की प्रगति की समीक्षा की गई। डी पी सी की ओर से किए गए ब्लांकवार भ्रमण, संबंधित टीमों के साथ की गई विजिट तथा उसके परिणाम की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कार्य में लगातार अपेक्षित प्रगति न करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई के लिए सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।

मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में शहरी क्षेत्र में ANC की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। सिविल चिकित्सालय सहित संबंधित क्षेत्रों में ANC, संस्थागत प्रसव एवं नियमित टीकाकरण की कम प्रगति वाले क्षेत्रों की गहन मॉनीटरिंग के निर्देश दिए गए। मातृ मृत्यु समीक्षा (MDSR) की प्रक्रिया को प्रत्येक PHC और CHC पर गंभीरता से संचालित करने तथा निजी चिकित्सालयों में होने वाली मातृ मृत्यु की भी समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।

निजी चिकित्सालयों में मातृ मृत्यु के मामलों में प्रसवोत्तर रक्तस्राव (PPH) को प्रमुख कारण के रूप में सामने आने पर यह भी जांचने के निर्देश दिए गए कि संबंधित महिलाओं ने प्रसव से पूर्व ANC के लिए संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर पंजीकरण अथवा जांच कराई थी या नहीं। संस्थागत प्रसव में कमी वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए शमसाबाद, बढ़पुर और नवाबगंज में विशेष टीम भेजकर कम प्रसव के कारणों की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए।

ACMO स्तर से इन क्षेत्रों का भ्रमण कर आशा कार्यकर्ताओं की कार्यप्रगति की समीक्षा तथा आवश्यकता के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। नियमित टीकाकरण एवं HPV टीकाकरण की समीक्षा में कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों एवं खराब प्रदर्शन करने वाली ANM को चिन्हित कर सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीकाकरण सत्रों में कम उपलब्धि के मामलों की नियमित निगरानी तथा फील्ड स्तर पर कार्य की समीक्षा पर जोर दिया गया। कम टीकाकरण उपलब्धि के मामले में UPHC रकाबगंज की आशा कार्यकर्ता सुनीता दुबे के विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

RBSK एवं टीबी कार्यक्रम की समीक्षा में निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा करने तथा पोर्टल पर लाभार्थियों और गतिविधियों की फीडिंग सही एवं समयबद्ध तरीके से कराने के निर्देश दिए गए। RBSK टीमों को अपने क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर सेवाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। NUHM की समीक्षा के दौरान नवदिया में प्रसव सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। ITI एवं मोहम्मदाबाद में चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा लिंजीगंज में तैनात स्टाफ को उनकी मूल तैनाती स्थल पर कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति अगली DHS बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही ACMO, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों एवं DPM स्तर से जांच कर रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने, कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों की नियमित मॉनीटरिंग करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

error: Content is protected !!