मतकटों ने महिला के जेवर उतरवाये: सीसीटीवी में कैद

फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) मत काटने वाले गिरोह के शातिर ठग महिला के जेवर उतरवा कर चले गए। कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला 3/87 राधा बल्लभ गली लोहाई रोड निवासी स्व. अनूप सिंह की पत्नी श्रीमती माधुरी ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। घटना के मुताबिक माधुरी प्रतिदिन की तरह घर से अपनी प्राइवेट नौकरी करने घुमना बाजार स्थित वंशीधर बजाज की दुकान पर जा रही थी। तभी रास्ते में 2 अज्ञात युवक पीछे- पीछे चलने लगे तथा उसके साथ बातचीत करने लगे। युवकों ने महिला से कहा कि मेरे बेटे की तबीयत अत्यन्त खराब है, मुझे कोई समीप का अस्पताल बता दो। युवक ने महिला को अपना फोन दिखाया, उसके बाद महिला युवकों के साथ ही चलने लगी।

युवकों ने राह चलते महिला से कहा कि मुझे अपने बेटे के इलाज के लिए तुम्हारे जेवर व 200 रुपये चाहिए। माधुरी ने कानों के दोनों सोने के टाप्स, सोने के पेडल जो मोती की माला में लगा था उतारकर युवकों को दे दी। घर जाकर महिला को जेवरात देने का काफी अफसोस हुआ। उसने अपने दोनों बेटे सबल व सूरज को उक्त घटना के बारे में बताया।

सबल ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि जब मां मां मोहल्ला मित्तूकूंचा, बन्नू मिठाई वालों की दुकान के पास से गुजर रही थी तभी दोनों शातिर युवक मिले थे। जब लड़कों ने मां को मोबाइल फोन दिखाया तभी मां का उन युवकों के कंट्रोल में आ गयी थी। युवक मां को बहकाकर पक्के पुल की ओर ले गए। ओम मेडिकल स्टोर के निकट मां के जेवर उतरवा कर चले गए। सबल ने बताया कि मैं भाई सूरज के साथ मां को लेकर रिपोर्ट दर्ज करने करीब देढ़ बजे कोतवाली गया था। पुलिस ने चौक बाजार के सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकाला है जिसमें एक युवक मां के साथ कैमरे में कैद हो गया है। करीब 30 वर्षीय युवक पुरानी सफेद रंग की शर्ट पहने हैं। सबल ने बताया की ठगे गए जेवरातों की कीमत करीब डेढ़ लाख रूपए है। उसने बताया मां को फैमिली डॉक्टर को दिखाया है डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाकर दवा दी है और मां को आराम करने को कहा है।

कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि पीड़ित महिला की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रेलवे रोड चौकी इंचार्ज कल्पेश चौधरी ने बताया की जांच के दौरान सीसीटीवी में महिला के साथ दोनों युवक दिखाई पड़े हैं जिनके चेहरे साफ नहीं है, अन्य सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। मुकदमे की विवेचना तिकोना चौकी इंचार्ज को सौंप गई है। तिकोना चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने बताया कि वह अदालत से लौटे हैं उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।

error: Content is protected !!