फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) 8 मार्च। आज होली के त्यौहार के कारण आलू की आवक काफी बढ़ जाने से आलू 200 कुंतल तक बिका। मंदी के कारण किसान आलू के ट्रैक्टर से वापस घर ले गए। सातनपुर मंडी में आज सुबह आलू 251 रुपए से 521 रुपए तक के भाव में बिका। जबकि लाल हाइलैंड आलू 651 से 811 रुपए के भाव बिका। मंडी में आज सर्वाधिक करीब 250 ट्रक आलू की आवक होने से सुबह से ही ट्रैक्टरों का जाम लगना शुरू हो गया। दोपहर बाद आलू 201 से 451 रुपए में बिकने लगा। जब किसानों को आलू के भाव का पता चला तो सैकड़ों किसान आलू से भरी ट्राली को वापस घर ले गए।
परसों आलू करीब 300 कुंतल बिका था। मंडी में ले जाये गये सभी आलू की बिक्री नहीं हो सकी। देर रात तक आलू की तुलाई एवं लोडिंग होने की संभावना व्यक्त की गई। मंडी में सैकड़ो ट्रैक्टर फंस जाने के कारण जबरदस्त जाम लगा रहा। इसके कारण आज दोपहर मंडी में ट्रकों की एंट्री बंद कर दी गई। शाम 4 बजे जब जाम कम हो गया तब ट्रकों को मंडी के अंदर जाने दिया गया। जाम के कारण ही आज पहली बार मंडी का दूसरा गेट भी खोला गया। गर्मी बढ़ जाने के कारण किसान जल्द से जल्द आलू खोदकर दूसरी फसल करने की तैयारी में सक्रिय हो गया है। आलू किसानों की हो रही दुर्दशा को कोई भी देखने वाला नहीं है। सरकार आलू की सरकारी खरीद करने एवं बाहर भिजवाने का वायदा ही करती रही।



