फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 8 जून। भाजपा नेता विश्वास गुप्ता ने लोहाई रोड का नाम डॉ रजनी सरीन के नाम पर किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि फर्रुखाबाद की मदर टेरेसा रजनी आंटी आज पंचतत्व में बिलीन हो गई, अब उनकी यादें ही शेष हैं। उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में अपना पूरा जीवन अर्पित कर दिया, उनके ससुर डॉ बी एन सरीन ने आज से 50 साल पहले नगर पालिका अध्यक्ष रहते हुए जो विकास कार्य किये वह आज भी शहर में दिखते हैं। रजनी आंटी उन्ही के दिखाए रास्ते पर चल रही थी, वह भाजपा से नगर पालिकाध्यक्ष पद का चुनाव लड़कर जीती भी लेकिन कोर्ट के आदेश के कारण उनकी शपथ नहीं हो पाई।
उनके द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में दिए गए विशेष योगदान को ध्यान में रखते हुए तत्काल भाजपा के जनप्रतिनिधि एवं सभासद बोर्ड में प्रस्ताव पास कर उनकी स्मृति में लोहाई रोड का नाम डॉक्टर रजनी सरीन के नाम पर रखवाने की पहल करें, जिससे उनकी स्मृतियां बनी रहे।
