फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 8 जून। कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने आज यहां कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कर्मचारियों के पेच कसे। जनपद भ्रमण के दौरान एडीजी श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस लाइन में गार्द की सलामी ली। सभागार कक्ष में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर अपराधों की समीक्षा की। साइबर अपराध, अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं, प्रभावी अभियोजन, अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाहियों तथा अन्य महत्वपूर्ण पुलिसिंग संबंधी विषयों की विस्तृत जानकारी की।
उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित अनावरण, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, संवेदनशील प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों के कल्याण, अनुशासन, प्रशिक्षण एवं कार्यक्षमता को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। गोष्ठी एवं निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को जनसामान्य की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं, कार्यालयों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया।
पुलिस परीक्षा का जायजा लिया

अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद फतेहगढ़ में उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा की निष्पक्षता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं प्रभावी ड्यूटी निर्वहन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक उपस्थित रही।
व्यापारियों के साथ बैठक

एडीजी ने श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी व व्यापारी बन्धुओं के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारीव व्यापारी द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश गए।
थाने का निरीक्षण

श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने थाना मऊदरवाजा का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेखों के रख-रखाव एवं परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन कर आवश्यक समीक्षा की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनशिकायतों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। रिक्रूट आरक्षियों से संवाद स्थापित कर पुलिस सेवा की गरिमा तथा अनुशासन, समर्पण और जनसेवा के प्रति आवश्यक निर्देश दिए
गए।
