फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 13 मार्च। आधा दर्जन फर्जी बिल से सीमेंट ले जाते पकड़े गए ट्रक पर जीएसटी व परिवहन विभाग ने जुर्माना लगाया है। आज एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत द्वारा खनन अधिकारी संजय प्रताप के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान ओवरलोड माल ढोते हुये 4 ट्रक सीज किये गये। जिन पर 2.33 लाख रूपयों का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त बकाया कर के अभियोग में ट्रक सीज किया गया, जिन पर 10 हजार का कर बकाया था। चेकिंग के दौरान मोहम्मदाबाद की एक फर्म से सेन्ट्रल जेल फर्रूखाबाद के अलग-अलग नामों से 6 बिल लेकर एक हजार बोरी सीमेंट ले जाते ट्रक पकड़ा गया।
ट्रक के सभी बिल 50 हजार रुपए से कम धनराशि के थे। यह ई-वेबिल से बचने के लिये किया गया था। ट्रक को मसेनी से कादरीगेट की ओर जाते हुये दीप पैलेस के पास पकड़ा गया था। ट्रक में लदे माल से जीएसटी चोरी की आशंका के दृष्टिगत जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त अमित त्यागी को सूचना देकर ट्रक उनके हवाले कर किया गया। परिवहन विभाग द्वारा इस ट्रक पर 55 हजार जुर्माना लगाया गया तथा जीएसटी विभाग का 80 हजार जुर्माना सम्भावित बताया गया है। खनन अधिकारी के साथ चेकिंग में मौरंग ले जाते हुये ट्रक को पकड़ा गया। जिस पर परिवहन विभाग द्वारा 57 हजार तथा खनन विभाग द्वारा 28 हजार जुर्माना लगाया गया।



