सोते समय युवक की हत्या से कोहराम

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 24 मार्च। घर के बाहर सोते समय युवक लखन बाथम की हत्या कर दिए जाने से परिवार में कोहराम मच गया। लखन कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम गैसिंहपुर निवासी रामनिवास का 35 वर्षीय पुत्र था। बीती रात लखन घर के बाहर चारपाई पर सोया था जब उसके पिता, मां सरोजनी देवी भाई अमन एवं बहन आरती मकान के अंदर सोये थे आज सुबह करीब 5.30 बजे आरती लखन को उठाने घर के बाहर गई। जब उसने लखन के ऊपर पड़ी रजाई हटाई तो वह भाई को लहूलुहान देखकर चीखने लगी।

चीख पुकार सुनकर परिजन व पड़ोसी एकत्रित हो गए। लखन की गर्दन पर धारदार हथियार के निशान देखे गए उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला, सीओ अजय वर्मा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मामले की जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, घटनास्थल के पास ही अंगोछा व चप्पल पड़ी थी अनुमान लगाया गया कि यह सामान हत्यारे का है। जिससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावर पहले से घात लगाकर मौके पर मौजूद था और अंधेरे का इंतजार कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

लखन अविवाहित था और खेती का कार्य करता था। वह नौ भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता रामनिवास अस्वस्थ बताए जाते हैं। मृतक की बहन ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ नामजद आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। आरोप है कि उक्त युवक का गांव की एक महिला से संबंध को लेकर पूर्व में विवाद हो चुका था और वह लखन को कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था।

error: Content is protected !!