फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 24 मार्च। ग्राम प्रधान से रिश्वत लेने वाले दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसपी के आदेश पर कोतवाली मोहम्मदाबाद के दरोगा सुरेश चाहर के विरुद्ध कोतवाली फतेहगढ़ में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि कोतवाली मोहम्मदाबाद के दरोगा सुरेश चाहर ने ग्राम पंचायत निसाई की प्रधान गीता देवी से नकद व ऑनलाइन रुपए लिए हैं। गीता देवी की शिकायत सही पाई जाने पर दरोगा सुरेश चाहर के विरुद्ध भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। बीती मध्य रात प्रधान गीता देवी ने पुलिस अधीक्षक को दी गई तहरीर में कहा है कि ग्राम समाज की जमीन पर दबंगों द्वारा अबैध कब्जा किया गया।
जिसकी कार्यवाही एवं जांच के नाम पर जब हम थाना मोहम्मदाबाद गये तो वहां सुरेश चाहर (हल्का इंचार्ज) के द्वारा अपने पुत्र पंकज चाहर के खाते में व नकद सुविधा शुल्क के नाम पर रुपए 75000 नकद व यूपीआई के माध्यम से 19 सितम्बर से अबतक अलग -२ तिथियों में रुपए लिए गये। प्रधान ने पुलिस को दी गई तहरीर के साथ यूपीआई ट्रान्जेक्शन के प्रपत्र दिये है। समझा जाता है की रिश्वत के मामले में दरोगा सुरेश चाहर को शीघ्र निलंबित कर दिया जाएगा। प्रधान के पति सत्येंद्र सिंह ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि पुलिस अधीक्षक ने बीती मध्य रात अपने कार्यालय में प्रधान गीता देवी के बयान लिए हैं। प्रधान गीता देवी ने एडीजी को शिकायती पत्र दिया था।



