फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 24 अप्रैल। थाना जहानगंज क्षेत्र में महिला श्रीमती सहेली राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। श्रीमती सहेली थाना जहानगंज के ग्राम विरिया नगला निवासी जितेंद्र राजपूत की 40 वर्षीय पत्नी थी। जितेंद्र का 18 वर्ष पूर्व जनपद हरदोई थाना पाली के ग्राम मडरामऊ निवासी रामाधार की पुत्री सहेली से विवाह हुआ था। कोल्ड स्टोरेज में नौकरी करने वाला जितेंद्र आए दिन शराब के नशे में सहेली को प्रताड़ित करता था। बताया गया कि पिटाई किए जाने से दुखी होकर सहेली आज सुबह से ही घर से गायब थी। परिजन उसे ढूंढने का बहाना करते रहे। सहेली का शव आज सायं गांव से करीब 500 मीटर दूर प्रकाश के खेत में चांदनी के पेड़ के पास पडा मिला। 
शव मिलने के बाद जितेंद्र व उसके परिजन घर से गायब हो गए। महिला के परिजनों ने आरोप लगाया की प्रताड़ित करने के बाद सहेली को मार कर फांसी लगाए जाने की नौटंकी की गई है। सूचना मिलने पर सीओ श्री वर्मा, थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी एवं राजपूताना चौकी इंचार्ज उदय सिंह ने घटना की जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाये, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।



