फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 27 अप्रैल। कमालगंज थाना क्षेत्र में तालाब में धक्का दिए जाने से नशेड़ी आदेश राजपूत की मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया । थाना क्षेत्र के ग्राम देवधरापुर निवासी 40 वर्षीय आदेश राजपूत शराब पीने का आदी था। उसने आज सुबह करीब 10 बजे पड़ोसी ग्राम नगरिया में इंद्रपाल ठाकुर के साथ कच्ची शराब पी। नशा हो जाने पर दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, तभी इंद्रपाल ने आदेश को धक्का देकर गांव के तालाब में गिरा दिया। नशे में होने के कारण आदेश की तालाब में डूब गया। सूचना मिलने पर परिजन व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों को लगाकर आदेश को तालाब से बाहर निकलवाया, तब तक उसकी मौत हो गई थी।
जब पुलिस ने आदेश के शव का पंचनामा भरने का प्रयास किया तो परिजनों ने यह कहकर पंचनामा का विरोध किया कि पहले हत्यारे इंद्रपाल को गिरफ्तार करो। बताया गया कि आदेश के चार बच्चे हैं। कच्ची शराब बिक्री के लिए नगरिया गांव चर्चित है इसी गांव में भाजपा के जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा रहते हैं।



