फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 28 अप्रैल। जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद फर्रुखाबाद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए सतत एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। आज थाना कादरीगेट के ग्राम खानपुर में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली बालू लदी परिवहन करती हुई पाई गई। जिन्हें रोक कर उनके प्रपत्र चेक किये गये, मौके पर उपस्थित व्यक्तियों से वाहनों से संबंधित वैध प्रपत्रों की मांग की गई। किन्तु कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। प्रथम दृष्टया मामला अवैध खनन एवं अवैध परिवहन का पाए जाने पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को तत्काल कब्जे में लेकर चौकी आईटीआई परिसर में खड़ा कराया गया।
उक्त वाहनों को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु थाना कादरीगेट पुलिस की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया। संबंधित प्रकरण में खनन विभाग एवं पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। साथ ही संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी दशा में बख्शा न जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में निरंतर निगरानी रखी जाए तथा प्रवर्तन कार्यवाहियों को और अधिक सघन एवं प्रभावी बनाया जाए। जिससे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन अथवा खनिजों के अवैध परिवहन की सूचना प्राप्त हो, तो तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराएं। जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कादरी गेट चौकी इंचार्ज एके कश्यप ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि यह मामला उनकी जानकारी में नहीं है।



