सरकारी आलू खरीद केंद्र के उद्घाटन की खानापूर्ति: अधिकारी की फजीहत

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 28 अप्रैल। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार तथा उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा बाजार हस्तक्षेप योजना अन्तर्गत आज आलू खरीद केन्द्र के उद्घाटन की खानापूर्ति सातनपुर मण्डी में की गयी। भानु प्रकाश राम, निदेशक उद्यान विभाग लखनऊ के द्वारा बिना तैयारी मंडी के टीन शेड में फीता काटा गया। आज शाम करीब 7 बजे आलू आढ़तियों एवं किसान नेताओं को कार्यक्रम की जानकारी दी गई। रोशनी की कोई व्यवस्था न होने के कारण चार पहिया वाहन को स्टार्ट कर रोशनी की गई। बैठने के लिए कुर्सियों जलपान व स्वागत के लिए फूलों की भी व्यवस्था नहीं थी।

किसान नेता अशोक कटियार ने उद्यान विभाग के निदेशक भानु प्रकाश राम से उद्घाटन के नाम पर खाना पूर्ति किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इतना बड़ा कार्यक्रम दिन में बड़ी धूमधाम से होना चाहिए था बड़ी संख्या में आलू आढ़ती एवं किसान भी मौजूद होने चाहिए थे। आलू एवं शाक भाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने श्री कटियार की बातों पर आपति जाहिर की। तभी श्री कटियार ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि हम लोगों को पहले जानकारी दी जाती तो हम लोग स्वयं बहुत बड़ा कार्यक्रम करते। उद्यान निदेशक श्री राम ने बताया की शासन का आदेश था कि आज ही आलू खरीद केंद्र का उद्घाटन होना चाहिए। मंडी सचिव अनूप कुमार मिश्रा उद्यान विभाग के निदेशक का स्वागत करने के लिए फूलों का गुलदस्ता लिए काफी देर से पीछे खड़े थे।

आलू आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रिंकू वर्मा ने आलू अधिकारी से कहा की मंडी सचिव का उद्यान निदेशक से परिचय करवा दो। अहंकार में राघवेंद्र सिंह ने आढ़ती रिंकू वर्मा से कहा कि आप कौन होते हैं बोलने वाले। बदसलूकी करने पर गुस्साए रिंकू वर्मा ने आलू अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि आपकी भाषा शैली अच्छी नहीं है जानकारी करने के बाद सोच समझ कर बोलना चाहिए। जिला आलू अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अवगत कराया कि खरीद केंद्र में आलू उत्पादक कृषकों से बाजार हस्तक्षेप मूल्य रूपया 650.09 प्रति कुन्तल तथा ओवर हेड एक्सपेंसेज रूपया 162.52 प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया है। योजनान्तर्गत क्षतिपूर्ति की अधिकतम सीमा कुल खरीद लागत का 25 प्रतिशत तथा क्षतिपूर्ति का वहन 50.50 के अनुपात में केन्द्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा।

जनपद फर्रुखाबाद में उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हाफेड) द्वारा आलू का क्रय किया जायेगा। आलू के विक्रय हेतु आलू निर्धारित मानकों के अनुसार यथा साइज 45-85MM व्यास का बिना मिट्टी लगा, साफ-सुथरा व रोगमुक्त होना चाहिए। कट-फट, हरा, डी-सेप्ड एवं धूप खाया हुआ आलू नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही साथ किसान बही/आलू उत्पादक किसान होने का साक्ष्य लेकर अवश्य आयें।

उद्घाटन समय पुष्पेन्द्र यादव, उद्यान निरीक्षक, श्याम सिंह, उद्यान निरीक्षक, अभिषेक कुमार, सहायक उद्यान निरीक्षक, अनुपम कुमार, सहायक उद्यान निरीक्षक तथा गिरीश शाक्य, वरिष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक, मण्डी परिषद सातनपुर आढती शैलेन्द्र यादव व अर्पित राजपूत, मण्डी सचिव, प्रियान्शु मिश्रा, मण्डी निरीक्षक, सुनील कुमार, मण्डी सहायक, सुधीर शुक्ला, एक्सपोर्टर, हिमान्शू गुप्ता, ए०डी०एस० (NGO), श्री वारिज राजपूत (एफपीओ), मोहम्मदाबाद प्रगतिशील फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड, ध्रुव सिंह राजपूत, नीरज राजपूत उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!