फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 30 अप्रैल। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने आज सख्त हिदायत दी है कि कल सुबह से आलू की सरकारी खरीदारी होनी चाहिए। सातनपुर मंडी में खोले गए खरीद केंद्र पर आलू की खरीदारी न होने की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर आज करीब 2 बजे सातनपुर मंडी आलू खरीद कैंप पहुंची। डीएम के आने की सूचना के भय से खरीद केंद्र पर कई कर्मचारी मौजूद थे, दिखावे के लिए आलू के कुछ पुराने पैकेट व कांटा भी रखा गया था। डीएम ने वहां मौजूद आलू एवं शाक भाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह से आलू की खरीदारी के बारे में व्यापक जानकारी ली।
इसी दौरान आलू विपणन संघ के निदेशक अशोक कटियार एडवोकेट ने डीएम को मांग पत्र सौप कर कहा कि गर्मी का मौसम होने के कारण सुबह 7 बजे से ही आलू की खरीदारी होनी चाहिए। उन्होंने शीघ्र ही आलू की खरीदारी शुरू कराने, मंडी में आलू टैक्स समाप्त कराने, हरियाणा सरकार की तरह मंडी में भी आलू भावंतरण भरपाई योजना को लागू कराए जाने एवं आलू आधारित उद्योग लगाए जाने की मांग की। डीएम ने श्री कटियार को सुझाव दिया कि वह आलू के संबंध में कार्य योजना तैयार करें, वह शीघ्र ही बैठक बुलाकर कार्य योजना को लागू करवा कर आलू किसानों को मदद दिलवाने का भरपूर प्रयास करेंगी। इसी दौरान डीएम ने यह भी बताया कि वह किसान परिवार से हैं और किसानों की समस्याओं को समझती हैं।
डीएम ने आलू विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि कल सुबह 7 बजे से हर हाल में आलू की खरीदारी शुरू होनी चाहिए। खरीद केंद्र पर आलू खरीदारी के मानक का बैनर लगाकर प्रचार करें, किसानों के लिए पानी की भी व्यवस्था की जाए। इस दौरान आलू आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुधीर उर्फ रिंकू वर्मा, राजकुमार वर्मा, आलू आढ़ती एवं किसान नेता अरविंद कटियार, लाल यादव, सुधीर शुक्ला आदि आढ़ती व किसान मौजूद रहे। इससे पूर्व डीएम ने सातनपुर मंडी में गेहूं खरीद केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। किसान नेता अशोक कटियार एडवोकेट ने आज सुबह आढ़ती एवं प्रमुख किसानों के साथ मंडी में आलू खरीद का निरीक्षण किया।
खरीद केंद्र पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। केवल बैनर लगा था किसान आलू बेचने के लिए लाए थे। श्री कटियार ने शिकायत करने के लिए आलू विकास अधिकारी को फोन लगाया लेकिन उनका फोन नहीं उठा। तब श्री कटियार ने मजबूरन उद्यान विभाग के निर्देशक को फोन पर आलू की खरीददारी न होने की जानकारी दी। निदेशक ने श्री कटियार से कहा कि वह अभी आलू विकास अधिकारी को डांटकर आलू की खरीदारी शुरू करायेगे। श्री कटियार ने शिकायत करने के लिए डीएम को फोन मिलाया तो उधर से कहा गया कि डीएम 2 बजे आलू मंडी पहुंचेगी। इस दौरान आलू आढ़ती राम लड़ैते राजपूत, परशुराम वर्मा, श्री चंद मिश्रा, मनोज कुमार वर्मा, अरविंद राजपूत आदि मौजूद रहे।
मालूम हो कि केंद्र पर साफ सुथरा गला साइज का आलू 650 रुपए प्रति कुंतल के भाव खरीदा जाएगा। किसानों को इंतखाब की प्रमाणित कापी एवं फार्मर रजिस्टर का प्रपत्र ले जाना होगा। आज मंडी में करीब 70 ट्रक आलू की आवक हुई आलू 150 रुपये से 350 प्रति कुंतल तक के भाव में विका। जिले के शीत ग्रह करीब 80% तक भर गए हैं और हजारों टन आलू गांव में मौजूद है।



