फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 1 मई। प्रशासन ने एक भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी न बनाने वाले कामचोर लेखपालों पर कार्रवाई करते हुए 60 पंचायत सहायकों को तत्काल सेवा से मुक्त करने का फरमान जारी किया है। जिले के समस्त किसानो की एवं विशेष रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पाने वाले किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाये जाने का कार्य अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। भारत सरकार ने यह निर्देशित किया है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के समस्त लाभार्थियों को अगली किस्त का लाभ तभी मिलेगा, जब उनकी फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी बन जाएगी। जनपद स्तर पर प्रत्येक राजस्व ग्राम के लिए कार्मिकों की ड्यूटी लगाते हुए किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने एक सप्ताह में शून्य प्रगति वाले कर्मचारियों जिसमें विकास विभाग के अतुल अग्निहोत्री, मोहित यादव, विकास अधिकारी, पंचायत राज विभाग के पंचायत सचिव विवेक कुमार, मनीष साहू, नौशाद अहमद, राजस्व विभाग के लेखपाल अजीत द्विवेदी, अजय कुमार, सुबोध गुप्ता, अनुराधा यादव एवं मनरेगा के ग्राम रोजगार सेवक श्रीमती रेनुका, अर्जुन सिंह, सुरजन सिंह, विनोद कुमार, उमेश चन्द्र, संजय कुमार विरुद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए है। साथ ही 60 पंचायत सहायकों को तत्काल सेवा से मुक्त करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिये गये। कृषि विभाग के 03 कार्मिक संजेश कुमार, संजीव कुमार प्राविधिक सहायक एवं विवेक कुमार, बी०टी०एम० के द्वारा भी कम प्रगति पर कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। विकास खण्ड स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा हेतु नामित किये गये नोडल अधिकारियों को भी कम प्रगति के सम्बन्ध में स्पष्टीकरण उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।



