किसानों हेतु विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर 23 को: फसल नुकसान क्षतिपूर्ति

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 21 मई। किसानों हेतु विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन 23 मई को किया गया है। जिले के किसान भाइयों की सुविधा एवं उनके वाहनों से संबंधित आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 23 मई को एक विशेष किसान ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्यालय सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, नेकपुर कला, इटावा-बरेली मार्ग, फर्रुखाबाद में आयोजित होगा। शिविर के माध्यम से किसानों को ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित आवश्यक सेवाएं सरल एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन, आवश्यक अभिलेखों की जांच तथा अन्य संबंधित प्रक्रियाएं पूर्ण की जाएंगी।

जिससे किसानों को विभागीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़े। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर शिविर का अधिकतम लाभ प्राप्त करें। प्रशासन द्वारा यह प्रयास किसानों को सुगम, पारदर्शी एवं जनहितकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिले के हजारों किसानों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है यदि सैकड़ो लोग कार्यालय पहुंच गए तो क्या विभाग 2 घंटे में कागजातों की जांच पड़ताल कर सकेगा। भीषण गर्मी को देखते हुए कैंप के लिए सुबह 10 बजे से 5 तक का समय निर्धारित किया जाना चाहिए। मात्र 2 घंटे के समय को देखते हुए मालूम पड़ रहा है कि विभाग ने किसानों की सहूलियत के लिए खानापूर्ति का कार्यक्रम किया है।

फसल नुकसान के लिए संपर्क करें

जनपद के समस्त कृषक बन्धुओं को सूचित किया जाता है कि उद्यान मंत्री की अध्यक्षता में मौसमीय घटकों के कारण औद्यानिक फसलों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के सम्बन्ध मे हुई बैठक में दिये गये निर्देशों के क्रम में पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अन्तर्गत अधिसूचित फसल आम बाग व केला में मौसमीय घटकों यथा आँधी व वर्षा के कारण हुई क्षति (33 प्रतिशत से अधिक) की प्रमाणित नुकसान की सूचना बीमित कृषकों द्वारा क्षतिपूर्ति हेतु आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेन्द्र सिंह (मो० 9151066908) व उद्यान निरीक्षक पुष्पेन्द्र यादव (मो0 8318370646) एवं सहायक उद्यान निरीक्षक अभिषेक कुमार (मो० 9026189437) से सम्पर्क करें। अथवा कार्यालय जिला आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, कार्यालय-आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, कमरा नं0-57, विकास भवन फतेहगढ़, में शीघ्र अवगत करा दे।

error: Content is protected !!