आलू मंदी को लेकर किसानों का आंदोलन 7 को: डालेंगे आलू की मालाये

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 20 अगस्त। कृषि नीति बनवाने व पीड़ित आलू किसानों की मदद को लेकर 7 सितंबर को किसानों का व्यापक आंदोलन होगा। यह घोषणा आज किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी सातनपुर में की। उन्होंने आलू किसान बचाओ की बैठक को संबोधित करते हुए इस बात पर खुशी जाहिर की कि पहली बार किसान, आलू आढ़ती एवं शीतग्रह मलिक एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा की फर्रुखाबाद में बहुत बड़ा फैसला होने जा रहा है इसको पूरा हिंदुस्तान देखेगा। आलू मंडी से पीड़ित किसानों की दुर्दशा के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि यदि आलू किसानों को लागत के अनुपात आलू का भाव मिले तो उन्हें शीत ग्रह मालिकों को भंडारण शुल्क देने में कोई दिक्कत नहीं है।

आलू महंगा बिकने पर आलू आढ़तियों की आमदनी बढ़ जाती है किसानों के द्वारा खरीदारी किए जाने पर जिले में रौनक आ जाती है। आलू मंदी की समस्या सभी की लड़ाई है जो काम आज तक नहीं हुआ अब होकर रहेगा, किसान आंदोलन को विजय होने से कोई नहीं रोक सकता। श्री अनमोल ने सभी से तन मन धन से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इस बड़ी बीमारी के इलाज के लिए जरूरत पड़ने पर एक वक्त खाने में कटौती करें। कांग्रेस नेहरू सरकार के समय से बनाए गए काले कानून का विरोध करते हुए कहा कि दुर्भाग्य है कि कृषि प्रधान देश में आज तक कृषि नीति नहीं बनाई गई। यह व्यवस्था बदलनी चाहिए नहीं तो हम लोग उन्हें बदल देंगे।

उन्होंने कहा की प्रदेश में चुनाव होने वाले हैं चुनाव परिणाम का असर केंद्र सरकार पर पड़ेगा। यदि 10 जिलों के आलू किसान नाराज हो जाएंगे तो सरकार को उनकी बात माननी पड़ेगी। भाजपा सरकार को चुनाव हारने का डर पैदा होना चाहिए। जबरदस्त आंदोलन चलने पर दो-तीन माह में ही हालात बदल जाएंगे। आंदोलन की चिंगारी जल्दी बढनी चाहिए। तब किसानों के कार्यक्रम की उपेक्षा करने वाले पत्रकारों को भी आना पड़ेगा। उन्होंने किसान आंदोलन के प्रभारी अशोक कटियार को आंदोलन प्रचार के लिए कमेटी बनाने का सुझाव देते हुए कहा की नेता अपनी कामयाबी पर दरवाजे पर जाकर गिड़गिड़ाते हैं हम लोगों को भी आंदोलन को सफल बनाने के लिए किसानों के दरवाजे पर जाना पड़ेगा। श्री अनमोल ने आंदोलन में सहयोग के लिए 51 हजार रूपयों का सहयोग देने का वादा करते हुए कहा कि वह आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूरा समय देंगे।

उन्होंने सरकार से 500 में आलू का पैकेट खरीदने, 500 से कम आलू की बिक्री होने पर उसकी भरपाई करने, शीत गृहों में भंडारित आलू का भाड़ा शुल्क देने, मंडी में आलू टैक्स को बंद करने एवं रेल मंत्री से आलू की ढुलाई के लिए मुफ्त में रेलवे की बैगन उपलब्ध कराए जाने की मांग की। प्रदेश सरकार द्वारा बीते दिनों भामाशाह स्कीम लागू किए जाने को धोखा बताते हुए कहा की कृषि मंत्री ने 22 लाख टन आलू खरीदने की घोषणा करके 1 किलो तक आलू की खरीदारी नहीं की है। उन्होंने सभी लोगों को 7 सितंबर के आंदोलन में शामिल होने व आलू की मालाएं पहने के लिए हाथ उठाकर सहमति ली। शीत ग्रह मलिक मनोज उर्फ पप्पू रस्तोगी से मालाओं के लिए आलू उपलब्ध कराने, आलू आढ़ती राय सिंह को 20 ट्रैक्टर ले चलने, आलू आढ़ती राम लडैते राजपूत को 50 आलू आढ़तियों को लाने के लिए कहा।

सभी किसानों व शीतग्रह मालिकों से आंदोलन के लिए प्रचार कर किसानों को लाने की अपील की। तय किया गया कि 7 सितंबर को सभी लोग सातनपुर मंडी में एकत्र होंगे और वही से जिला मुख्यालय के लिए रवाना होंगे। आलू किसान आंदोलन के प्रभारी अशोक कटियार ने किसानों की दुर्दशा का उल्लेख करते हुए कहा कि हर हालत में अन्नदाता किसानों को लागत के हिसाब से आलू का भाव मिलना चाहिए। उन्होंने बताया किसानों के कार्यक्रम से राजनीतिज्ञों में हलचल मच गई है कि किसान क्या करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को 2 रुपए किलो वाला आलू खरीद कर गौशाला में पशुओं को खिलाना चाहिए सरकार 12 रुपए किलो भूसा खरीद कर खिला रही है।

पीएम मोदी एवं सीएम योगी किसानों एवं व्यापारियों का वोट चाहते है लेकिन मुसीबत में उनकी कोई सुनने वाला नहीं है किसान उनके गुलाम नहीं है। प्रमुख आलू निर्यातक सुधीर शुक्ला ने प्रदेश सरकार पर तंज करते हुए का कि भाजपा नेता किसानों की दुर्दशा को नजरअंदाज कर रहे हैं लेकिन सपा एवं कांग्रेसियों को भी किसानों की बर्बादी नहीं दिख रही है। आलू आढ़ती परशुराम वर्मा ने कहा कि अधिक उत्पादन करने के कारण आलू फेंकने की नौबत आ गई है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वह आधी जमीन में गेहूं आदि की फसल कर जानवरों को जरूर पाले।

महावीर कोल्ड स्टोरेज के मालिक मनोज उर्फ पप्पू रस्तोगी ने प्रदेश सरकार से आलू के फेंकने को बचाने के लिए उपाय करने को कहा। छिबरामऊ के चर्चित किसान अच्छे खां ने बर्बादी से बचने एवं भविष्य के लिए किसानों एवं शीत ग्रह मालिकों से आंदोलन को सफल बनाने का आवाहन किया। शीतग्रह मलिक ओमकार सिंह यादव, अंशुल कटियार, प्रगतिशील किसान नारद कश्यप, व्यापारी नेता सर्वेश अग्रवाल, सुभाष कश्यप आदि ने आलू किसानों की दुर्दशा पर चिंता जाहिर करते हुए आंदोलन के जरिए हक हासिल करने के लिए कहा।

बैठक का संचालन आलू आढ़ती राम लडैते राजपूत ने किया। कार्यक्रम में प्रवीन कटियार,राजेश गुप्ता, सरदार पटेल युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष अंशुल कटियार, आलू आढ़ती व व्यापारी सुरेंद्र सिंह पाल , कमलेश राजपूत, अरविन्द राजपूत, अजय राजपूत, बेचेलाल वर्मा, हरि नारायन यादव, राजेश सिंह प्रधान, सुरजीत कटियार प्रधान,अरविन्द गंगवार, हरिश्चंद्र राजपूत,नंद किशोर वर्मा, बृजपाल सिंह शाक्य, परशुराम वर्मा, देवेश चतुर्वेदी आदि लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!