फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 20 अगस्त। कायमगंज तहसील क्षेत्र के रसीदाबाद बल्लभ गांव में आज घर जाते छात्रा मरते मरते बच गई।
जहानपुर निवासी पवन कुमार की 5 वर्षीय पुत्री सौम्या अपनी बड़ी बहनों अनन्या और लवन्या के साथ रसीदाबाद बल्लभ स्थित प्राथमिक विद्यालय गई थी। छुट्टी होने पर वह अपनी बहनों और गांव के अन्य साथी पूजा, सपना, गौरी, परी, अन्नू एवं छवि के साथ घर जि रही थी। रास्ते में सड़क किनारे बने एक पुराने कुएं पर पटिया रखी थी। खेलते-खेलते सौम्या पटिया पर उछलने लगी, जिससे पटिया अचानक टूट गई और सौम्या सीधे 45 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। कुएं में गिरते ही बच्चे चिल्लाने लगे।
चिल्लाने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। गांव के मुकेश एवं गुड्डू ने रस्सी के सहारे कुएं में उतरने की कोशिश की। कुएं में जहरीली गैस का आभास होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, सूचना पर पहुंची डायल 112 ने कोतवाली पुलिस को खबर दी। क्राइम इंस्पेक्टर बी यादव, एसडीएम अभिषेक वर्मा, नायब तहसीलदार अनवर हुसैन, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड की टीम डॉक्टरों डॉ. विपिन कुमार व डॉ. अमरेश कुमार मौके पर पहुंचे। बच्ची कुएं में दिख रही थी, लेकिन ढाई फुट चौड़े कुएं और जहरीली गैस की वजह से दमकल कर्मी भी कुएं में नहीं घुसे। सिपाही मनोज ने हिम्मत कर कुएं में जाने का प्रयास किया, लेकिन दम घुटने की वजह से रुकना पड़ा।
हार न मानते हुए, चौथी बार में सिपाही मनोज ने ऑक्सीजन सिलेंडर बांध मुंह पर मास्क लगाया और गहरे कुएं में उतर गया। 3 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सिपाही मनोज मासूम सौम्या को सकुशल बाहर ले आया। बेहोशी की हालत में सौम्या को तुरंत सीएचसी की मेडिकल टीम ने कब्जे में लिया और एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा। बच्ची की मां सपना गांव में ही आशा कार्यकत्री हैं। बच्ची के सकुशल बाहर आते ही परिजनों और ग्रामीणों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

