फर्रुखाबाद (एफबडी न्यूज़) 3 जून। मंधना में रेलवे ट्रैक उठाये जाने के कारण कई साल तक कालिंद्री एक्सप्रेस फर्रुखाबाद तक बंद रहेगी, इस दौरान यह ट्रेन टूंडला होकर कानपुर तक चलाई जाएगी।आज अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार अधिकारियों के साथ मंधना ट्रैक का निरीक्षण कर स्पेशल ट्रेन से दोपहर बाद फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्होंने अमृत योजना के तहत होने वाले निर्माण कार्य को देखने के बाद नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है कार्य करने की रफ्तार बढ़ाई जाए। बेतवा नदी का पुल गिरने की घटना को ध्यान में रखते अधिकारियों ने नये ओवर ब्रिज की मजबूती को विशेष रूप से देखा। उन्होंने मजबूती से ओवर ब्रिज का निर्माण करने हिदायत देते हुए कहा कि पुल के नट बोल्ट ढंग से चेक किए जाएं।
श्री कुमार माल गोदाम की और बन रहे रनिंग रूम को देखने गये। उप मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने मीडिया को बताया अमृत योजना के तहत होने वाले निर्माण कार्य का लक्ष्य दिसंबर 26 तक पूरा होना है, इस समय पर कार्य पूरा करने की हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि मंधना में रेलवे ट्रैक को उठाने का कार्य शीघ्र ही शुरू होगा इसी कार्य के लिए निरीक्षण करने गए थे। श्री कुमार ने बताया कि कालिंद्री एक्सप्रेस टूंडला होते हुए कानपुर तक चलेगी। कालिंद्री एक्सप्रेस करीब 3- 4 साल तक फर्रुखाबाद नहीं आ पाएगी। श्री कुमार से पूछा गया कि कालिंदी बंद होने पर यहां के व्यापारी जबरदस्त विरोध करेंगे के जवाब में बताया कि तब उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। निरीक्षण के दौरान रेलवे के आलाधिकारी एवं स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार मौजूद रहे।मालूम हो कि बीते माह व्यापारी संगठनों ने कालिंदी एक्सप्रेस बंद होने की चर्चा के आधार पर अधिकारियों एवं सांसद को प्रार्थना पत्र देकर कालिंद्री एक्सप्रेस को निरंतर चालू बनाए रखने की मांग की थी। दिल्ली आने जाने के लिए एक मात्र कालिंदी एक्सप्रेस है।
(मुन्ना गुप्ता की रिपोर्ट)
