फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 23 जून। बाईपास के ग्राम कुइयांबूट स्थित शाक्य ट्रेडर्स व शाक्य ब्रदर्स वालों पर व्यापारी के लाखों रुपये हड़पने व मार डालने के प्रयास का केस दर्ज कराया गया है। मुकदमे की जांच मेडिकल चौकी इंचार्ज रामकेश सिंह को सौंपी गई है। थाना मऊ दरवाजा पुलिस ने अदालत के आदेश पर ग्राम कुइयांबूट निवासी पुष्पेन्द्र सिंह राजपूत की ओर से मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज कराई रिपोर्ट में व्यापारी पुष्पेंद्र राजपूत ने कहा है कि प्रार्थी काजल इण्टर प्राइजेज पेन्टस एवं हार्डवेयर के समस्त सामान का विक्रेता व सप्लायर्स है। प्रार्थी के मित्र अनिरुद्ध शाक्य पुत्र सत्यप्रकाश निवासी कुईयाबूट के है। प्रार्थी के मित्र शाक्य ट्रेडर्स व शाक्य ब्रदर्स के नाम से हार्डवेयर व पेन्टस के फुटकर विक्रेता है। प्रार्थी के सम्बन्ध अनिरुद्ध शाक्य व अनिरुद्ध के पिता सत्यप्रकाश व भाई संजीव शाक्य और उनके परिवार वालों से अच्छे सम्बन्ध थे और घर पर आना-जाना रहना था।
प्रार्थी ने वर्ष 23-24 में अनिरुद्ध शाक्य व सत्यप्रकाश शाक्य को 7,91,844/- रुपयों का पेन्टस का सामान दिया था और उसमें 2,40,000 रुपए प्रार्थी के खाते में दिया था और 10,000 रुपये नकद वापस ले गये थे। शेष रूपया बकाया 5,61,844 रह गया है। जब प्रार्थी ने उपरोक्त लोगों से अपना बकाया रूपया मांगा तो अनिरुद्ध शाक्य व सत्यप्रकाश व संजीव शाक्य घर पर आये और कहने लगे कि मेरे घर पर शादी है मैं आपको रूपया दो या तीन माह में दे दूंगा। प्रार्थी ने उपरोक्त लोगों बात को मान लिया। प्रार्थी ने तीन महीने के बाद अपना बकाया 5,61,844 रूपया मांगा तो उपरोक्त तीनों लोगों कहा कि हम आपका रूपया 24.2.26 के बाद दे देगे मैंने बैंक से लोन कराया है मैं आपका सारा रूपया वापस कर दूंगा।
प्रार्थी ने कुछ समय बाद अपना रूपया मांगा तो उपरोक्त तीनों लोगों ने कहा कि बैंक से लोन होने में समय लगेगा लोन होते ही मैं तुम्हारा रूपया वापस कर दूंगा। 11.06.26 को समय लगभग 6.30 बजे प्रार्थी ने उपरोक्त लोगों से अपना बकाया 5,61,844 रूपया मांगा तो अनिरूद्ध शाक्य, सत्यप्रकाश शाक्य व संजीव शाक्य ने रूपये देने से मना कर दिया तब प्रार्थी वहां से चुपचाप अपने घर की तरफ चल दिया। तभी महावीर कोल्ड के पास पीछे से उपरोक्त तीनों लोग व एक अज्ञात व्यक्ति ने प्रार्थी को रोका और कहा कि तुम्हारा मेरे ऊपर कोई रूपया बकाया नहीं है। हम लोग जानबूझकर टाल मटोल कर रहे थे अगर तुमने कोई रूपया हम लोगों से मांगा तो तुम्हारे ऊपर फर्जी मुकदमा लिखाकर जेल भिजवा दूंगा।
प्रार्थी ने कहा कि तुम लोगों को मेरा रूपया तो देना ही पड़ेगा तुम लोग मेरे साथ धोखाधड़ी करके मेरा रूपया हड़प करना चाहता हो तुम लोग बेईमानी कर रहे हो इतना सुनकर चारों लोग प्रार्थी को मां बहिन की गंदी-गंदी गालियों देने लगे और जान से मारने की नियत से प्रार्थी को रोड़वेज बस के सामने धक्का दे दिया। बस चालक ने बस रोक दी तब प्रार्थी की जान बच पायी वहां पर मौजूद लोग मौके पर आ गये लोगों ने घटना देखी और यह लोग प्रार्थी को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गये।

