फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 11 जुलाई। ट्रेन से महिला के दोनों पैर कट जाने पर गुस्साए लोगों ने पति को बंधक बना लिया। कमालगंज थाना क्षेत्र के शेखपुर स्थित रेलवे गुमटी के पास आज सायं महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला के दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने उसे लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गंभीर घायल महिला की पहचान कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला मनिहारी निवासी 40 वर्षीय शबनम के रूप में हुई।
बताया गया कि शबनम पति रियाज के साथ कमालगंज के ग्राम देवराजपुर स्थित अपनी ननद के घर जा रही थी। जब वह रेलवे लाइन पार कर रही थी तभी वह कासगंज से अनवरगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ जाने से दोनों पैर कट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद महिला काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर घायल अवस्था में पड़ी तड़पती रही। छात्र ने एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए कमालगंज सीएच सी ले जाया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल महिला को देख गुस्साये लोगों ने रियाज को पकड़ लिया और रेलवे के केबिन के बाहर लोहे की जंजीर से बांध दिया। सूचना मिलने पर पहुंची कमालगंज पुलिस ने पति को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया और पूंछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
महिला के रिश्तेदार इस्लाम ने बताया कि शबनम की आंखों की रोशनी काफी कमजोर थी। करीब एक वर्ष पहले उनका मोतिया बिंद का ऑपरेशन भी हुआ था, जिसके बाद उन्हें देखने में परेशानी रहती थी। उन्होंने बताया कि महिला मानसिक रूप से भी परेशान रहती थी। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने महिला को ट्रेन के आगे धक्का दिए जाने की आशंका जताई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
थानाध्यक्ष राम सहाय सिंह ने बताया कि महिला के पति से पूछताछ की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और साक्ष्यों व बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

