फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 12 जुलाई। साइबर थाना पुलिस ने अपराधियों के धन का लेनदेन एवं फर्जी बुकिंग करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाने पुलिस की टीम ने थाना कादरी गेट के ग्राम सातनपुर पट्टी निवासी अभय श्रीवास्तव उर्फ नीलू पुत्र निवेन्द्र श्रीवास्तव, अनमोल पुत्र विपिन कुमार शाक्य एवं अंकित शाक्य पुत्र सुभाष चन्द्र शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा म्यूल खातों की गहन जांच एवं सत्यापन के दौरान ऐसे व्यक्तियों की पहचान की है जो साइबर अपराधियों द्वारा ठगी से प्राप्त धनराशि को अवैध रूप से अपने बैंक खातों में प्राप्त कर उसका लेन-देन कर उपयोग कर रहे थे। जांच में पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उक्त व्यक्तियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के आधार पर उनके विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
साइबर थाना पुलिस ने एक अन्य घटना में थाना राजेपुर के ग्राम भुसेरा निवासी सुरजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह को भी गिरफ्तार किया है। थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा प्रतिबिम्ब पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों की जांच के दौरान सुरजीत सिंह को पकड़ा है। उसके कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 6 डेबिट कार्ड, 10 मोबाइल सिम, 2 बैंक पासबुक तथा 1350 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में सुरजीत ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी नक्षत्र पाल सिंह निवासी जनपद हरदोई के साथ मिलकर ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर फर्जी ट्रांसपोर्ट बुकिंग के माध्यम से साइबर ठगी करता था।

