फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 12 जुलाई। आज वृक्षारोपण महाकुंभ के दौरान जिले में 40.93 लाख पौधे लगाए गए।जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता एवं मंत्री असीम अरुण के मुख्य आतिथ्य में जनपद में वृक्षारोपण महाकुम्भ का आयोजन ब्लाक मोहम्मदाबाद के ग्राम दरौंदी एवं ग्राम पट्टीपुर में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि आज संपूर्ण उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है, पिछले वर्ष भी यही लक्ष्य रखा गया था जिसे प्राप्त करने में हम सभी सफल हुए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हम सभी को इस लक्ष्य को और बढ़ाना होगा। हमारे देश में पेड़, जंगलों में एवं सड़कों के किनारे लगाए जा रहे हैं, यह वनावरण केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के नेतृत्व में जनचेतना के सहयोग से और अधिक बढ़ाया जा रहा है, “एक पेड़ मां के नाम” का संदेश इस मुहिम में दिन प्रतिदिन बल प्रदान कर रहा है। 
आज हमारे द्वारा दरौंदी में ग्राम समाज की भूमि पर पीपल, बरगद एवं पाकड़ (हरिशंकरी) पौधे को त्रिकोण के रूप में लगाया गया है। यहां पर आज 8 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं, जो आगे चलकर एक घने वन का रूप धारण कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि पौधों को लगाने के साथ साथ उनका संरक्षण भी अति आवश्यक है। सरकार के नेतृत्व में रोपित प्रत्येक पेड़ की सुरक्षा के लिए 2 टी गार्ड संबंधित क्षेत्र के विधायक निधि से एवं 1 टी गार्ड संबंधित जनपद के वन विभाग के द्वारा लगाया जा रहा है। हम सभी को मिलकर पर्यावरण को शुद्ध एवं स्वच्छ रखना है। सरकार द्वारा गंगा एक्सप्रेस वे के किनारे अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर वृक्षों का सघन आच्छादन किया जा रहा है, जिससे वह आगे चलकर ग्रीन एक्सप्रेस वे के नाम से जाना जा सकेगा।
हमें विकास के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा पर भी बल देते हुए प्रत्येक विकासकारी परियोजना के निर्माण में हरित वातावरण को भी समाहित करना चाहिए। सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वृक्ष हमें तीन प्रकार से लाभ प्रदान करते हैं वह हमारे लिए वातावरण में गर्मी के मौसम में ठंडक, सर्दी के मौसम में गर्मी एवं वर्षा के मौसम में भूमिगत जल की वृद्धि करते हैं। हम सभी को वृक्ष लगाने के साथ-साथ उनका अभिभावक की भांति पालन पोषण भी करना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव ने अपने संबोधन में कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” का संदेश प्रत्येक भारतीय नागरिक की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तय करता है। वृक्ष हमारे जीवन के लिए अति आवश्यक हैं। हम सभी को अपने जीवन काल में एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए जिससे हमारी आने वाली पीढ़ियों को स्वास्थ्य वर्धक एवं उपजाऊ वातावरण प्राप्त हो सके।
विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि आज हमारी विधानसभा में इस वृक्षारोपण जन आंदोलन का शुभारंभ मंत्री जी के कर कमलों द्वारा हुआ है यह हमारे विधानसभा क्षेत्र के लिए अत्यधिक गर्व की बात है। प्रधानमंत्री द्वारा देश को दिया गया नारा “एक पेड़ मां के नाम” वाक्य एक जन आंदोलन का रूप धारण कर चुका है इस आंदोलन में सहभाग करते हुए हम सभी अधिक से अधिक पेड़ लगाएंगे और उसे पोषित व संरक्षित भी करेंगे।
जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आज के इस वृक्षारोपण महाकुंभ में बच्चों द्वारा भी अभिभावक के रूप में प्रतिभाग किया जा रहा है, यह हमारे लिए अत्यधिक गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हमारा यह दायित्व होना चाहिए कि हम सभी अपनी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करें। हम सभी को अपने द्वारा लगाए गए पौधों की देखभाल छोटे बच्चों की भांति करना अति आवश्यक है।
आज इस स्थल पर पेड़ लगाने के पश्चात हम सभी जब भी इस स्थान से गुजरें तो अपने द्वारा लगाए गए पौधे की प्रगति के साथ एक सेल्फी अवश्य लें, जिससे हमें उस पौधे के विकास की जानकारी प्राप्त हो सके। यह वृक्षारोपण कार्यक्रम हमारे लिए एक विशेष अवसर है कि हम अपने आने वाले भविष्य के हरित वातावरण को सुरक्षित बना सकें। प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास एक पेड़ अवश्य लगाये तथा उसका संरक्षण भी करें जिससे हमारा यह वृक्षारोपण अभियान अपने सफल रूप को धारण कर सके।
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ने कहा कि वर्ष 2026 में वृक्षारोपण अभियान के तहत शासन द्वारा जनपद फर्रुखाबाद में 23 विभागों के माध्यम से 3743 स्थलों पर 45 लाख 74 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष जनपद में 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 4 लाख 81 हजार पौधे लगाए गए तथा आज 12 जुलाई 2026 को 40 लाख 93 हजार पौधे जनपद के विभिन्न स्थलों पर लगाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधि विधान पूर्वक प्रकृति का पूजन अर्चन कर किया गया, इसके उपरांत अतिथियों द्वारा पीपल, पाकड़ एवं बरगढ़ के (हरिशंकरी) पौधे का रोपण त्रिकोण के रूप में किया गया। इसके साथ ही जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों एवं एनसीसी कैडेट के बच्चों, विद्यालय के बच्चों एवं गंगा समिति के सदस्यों द्वारा भी वृक्षारोपण का सघन आच्छादन किया गया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कपिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, एनसीसी अधिकारी गिरजा शंकर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

