फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 23 अगस्त। बिजली पोल के करंट से 2 गायों के मर जाने पर हिंदूवादी नेताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला छत्ता दलपत राय निवासी स्वर्गीय बृजपाल यादव का बेटा शिवम सुबह अपनी दो पालतू गायों को चराने के लिए जसमई की ओर ले गया था। वह गायों को चराकर दोपहर बाद घर जा रहा था। जब शिवम मोहल्ला बजरिया हरलाल सुषमा हॉस्पिटल के सामने से गुजर रहा था उसी समय अस्पताल के सामने सड़क के किनारे लगे पोल के करंट से दोनों गाये चिपक कर मर गई।
जिससे इलाके में सनसनी फैलकर का अफरा तफरी मच गई। शिवम की मां श्रीमती उर्मिला व हिंदू वादी नेता शनि गुप्ता, साहिल मिश्रा, निहाल, सागर आदि अनेकों लोग मौके पर पहुंचे। जिनको मोहल्ले वालों ने बताया कि पोल में बीते कई दिनों से करंट आ रहा था शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। आज जब लाइनमैन व जेई को फोन किए गए तो किसी ने भी फोन नहीं उठाया। घटना की जानकारी होने पर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उर्मिला को समझाकर गायों को उठवाने का प्रयास किया तो उर्मिला ने गायों की मौत पर आर्थिक सहायता की मांग कर गायों को उठाने का विरोध किया। 
उर्मिला देवी ने बताया कि उनकी दोनों गाये गाविन थी जिनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रूपए है। गायों को बचाने में बेटा भी मरते मरते बचा है।तभी मोहल्ले वाले भड़क गए उन्होंने आरोप लगाया कि मोहल्ला छत्ता दलपत राय के लोग दर्जनों की संख्या में गायों को पालते हैं और रात में उनका खुला छोड़ देते हैं आवारा पशुओं से आए दिन दुर्घटनाएं व राहगीर घायल हो रहे हैं। हिंदूवादी नेताओं ने विद्युत विभाग की घोर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग की। पुलिस की सूचना पर शहर क्षेत्र के एसडीओ श्री वर्मा मौके पर पहुंचे।
हिंदूवादी नेताओं ने विद्युत विभाग के लापरवाह जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करने के लिए एसडीओ को शिकायती पत्र दिया। जिसमें आरोप लगाया गया की विभाग की लापरवाही से आए दिन ऐसी घटनाएं होती हैं। आश्वासन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जाती है झूठा आश्वासन देकर बहाने बाजी करके मामले को रफा दफा किया जाता है। एसडीओ श्री वर्मा ने तुरंत ही फोन पर घटना की जानकारी अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह को दी।
इसी दौरान समाजसेवी कुक्कू चौहान ने अधीक्षण अभियंता को जसमई सब स्टेशन के कर्मचारियों की लापरवाही से अवगत कराया। श्री वर्मा ने आश्वासन दिया कि लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित को गायों की मौत का मुआवजा दिया जाएगा। लापरवाह जेई मंसूर अली एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान संविदा कर्मियों ने लाइन पर लटके तारों को काटकर साफ किया। नगर पालिका के कर्मचारी गायों को दफनाने के लिए ले गए।
मालूम हो कि बीते दिन ही गंगा दरवाजा तिराहे पर बिजली के टूटे तार के करंट से अधेड आदेश यादव की मौत हो गई थी। इस मामले में भी बिजली विभाग की घोर लापरवाही सामने आई थी।

