फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 24 अगस्त। नगर में 26 अगस्त को धूमधाम से निकलने वाले बारावफात जुलूस के लिए कार्यक्रम तय हो गया है। कार्यक्रम को शांतिपूर्वक ढंग से निपटाने के लिए थाना मऊदरवाजा में आज शाम थाना अध्यक्ष अजब सिंह ने सीरत कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ व्यापक विचार विमर्श किया। थानाध्यक्ष के सुझाव पर मीटिंग में तय हुआ कि मार्ग अवरुद्ध होने की समस्या के कारण जुलूस में शामिल होने वाले सभी वाहन बीबीगंज पुलिस चौकी के पास एकत्र होगे।
लगभग 30 वाहनों के जुलूस में शामिल होने की संभावना व्यक्त की गई। काजी मुताहिर अली एवं सेक्रेटरी गुलजार अहमद खां के नेतृत्व में 26 अगस्त को जुलूस शाम करीब 6 बजे टाउन हॉल तिराहे से रवाना होगा। तिकोना पुलिस चौकी एवं पक्का पुल पर मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली की तकरीर होगी। चौक बाजार पर मुफ्ती शमशाद अहमद चतुर्वेदी तकरीर करेंगे। घुमना बाजार पर मौलाना लईक संबोधित करेंगे। जुलूस का समापन अंजुमन स्कूल के निकट होगा, बाद में मदरसा मुफ्ती साहब में जलसा शुरू होगा। जलसे का समापन रात लगभग 1 बजे होगा।
बैठक में कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश यादव, काजी मुताहिर अली सदर सीरत कमेटी, सीक्रेट्री गुलज़ार अहमद, खजांची मिर्जा हसीन बेग, प्रवक्ता आसिफ कुरैशी,सूफी संत पप्पन मियां वारसी, शकील कुरैशी, अमान खान, चांद खा,अकील खा,आमिर खान मौजूद रहे। बरसात होने के कारण बैठक मैं सीरत कमेटी के लोगों की संख्या काफी कम रही। वैसे भी कमेटी के अधिकांश लोगों ने चंदा कार्यक्रम में सहयोग नहीं किया, ऐसे लोग जुलूस के दिन नजर आते हैं।
26 अगस्त को पैगंबर साहब के जन्मदिन की खुशी में टाउन हॉल तिराहे से अंजुमन स्कूल तक का मार्ग दोनों तरफ बिजली की रोशनी से सजाया जाएगा। टाउन हॉल तिराहे के निकट, पक्का पुल चौराहे के निकट, चौक बाजार के निकट एवं अंजुमन स्कूल के बाहर भव्य गेट बनाए जाएंगे। अब जुलूस में दुर्घटना होने के कारण घुड़सवारों व ऊंट सवारों का निकलना बंद हो गया है। अभी तक जुलूस में शामिल होने वाले वाहन टाउन हॉल तिराहे से थाना मऊ दरवाजा के मार्ग के किनारे खड़े होते थे। जिसके कारण मार्ग अवरुद्ध हो जाता था।
कल मरीज को फल वितरण का कार्यक्रम
सीरत कमेटी के प्रवक्ता आसिफ कुरैशी ने एफबीडी न्यूज को बताया कि कल
25 अगस्त दिन मंगलवार को समय सुबह 10 बजे सीरत कमेटी की जानिब से पैगम्बर मुहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर लोहिया अस्पताल, मिशन अस्पताल, प्रयाग नारायण अस्पताल, डॉ उदय राज का अस्पताल एवं सिटी हॉस्पिटल में फल दूध बिस्किट का वितरण होगा।

