फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 1 सितंबर। गंगा पार महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के प्रबंधक महेश चंद्र सिंह ने अनियमिताओं के आरोप में कॉलेज के प्रबंधक अनिल कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। प्रबंधक महेश सिंह ने प्रधानाचार्य अनिल कुमार को निलंबन के संबंध में भेजे गए पत्र में अवगत कराया है 08.08.26, 20.08.26 एवं 27.08.26 द्वारा शैक्षिक सत्र 2013-14 से अद्यतन कक्षावार कुल छात्र संख्या के सापेक्ष लिये गये शुल्क तथा सत्रवार आय-व्यय का विवरण मूल अभिलेख (बिल बाउचर, कैशबुक, पासबुक) इत्यादि तथा विद्यालय में संचालित अटल टिंकरिंग लैब हेतु प्राप्त समस्त धनराशि एवं उसके व्यय का वर्षवार विवरण मूल अभिलेख प्राप्त कराने हेतु आदेशित किया गया था।
जो आपके द्वारा अद्यतन उपलब्ध नहीं कराये गये है। जिससे घोर वित्तीय अनियमितता प्रकट होती है। प्रबन्ध समिति की बैठक 30.08.26 के प्रस्ताव में लिये गये निर्णयानुसार अनिल कुमार सिंह प्रधानाध्यापक को इण्टरमीडिएट शिक्षा अधिनियम के अन्तर्गत सेवा से घोर अनधीनता, प्रबन्धक के आदेशों की अवहेलना, विद्यालय के अभिलेख अवलोकन हेतु प्रस्तुत न करना, कर्तव्यों की उपेक्षा, निधियों के दुर्विनियोग, अवैध शुल्क वसूली जैसे गंभीर आरोपों की स्थिति में प्रबन्ध समिति द्वारा आपको तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। आपको तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया जाता है।
प्रबन्ध समिति के पारित प्रस्ताव के आलोक में प्रबन्ध समिति की अनुशंसा पर प्रकरण की जॉच हेतु तीन सदस्यीय जॉच समिति जिसमें आदेश कुमार सिंह, महेश चन्द्र सिंह, दिनेश प्रताप सिंह को जॉच अधिकारी नामित किया गया है। प्रकरण में जॉच समिति द्वारा आपको आरोप पत्र पृथक से समयान्तर्गत प्रेषित किया जायेगा। निलम्बन प्रकरण में आप अपना पक्ष नियमानुसार जॉच समिति को प्रस्तुत करेंगे। आपको निलम्बन अवधि में नियमानुसार देय जीवन निर्वाह भत्ता इस शर्त पर प्रदान किया जायेगा कि जब आप इस आशय का प्रमाण प्रस्तुत करेंगे कि आप अन्यत्र कोई कार्य, रोजगार नहीं कर रहे हैं।
निलंबन अवधि में आप जॉच समिति के समक्ष बुलाये जाने पर ससमय उपस्थित होंगे। बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगे और न ही आपके द्वारा साक्ष्यों को मिटाने या अभिलेखों से छेड़छाड़ की कोशिश की जायेगी। निलम्बन अविध में आप का बिना पूर्व अनुमति के प्रवेश पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगा। मालूम हो कि अनिल सिंह प्रधानाचार्य परिषद के जिला अध्यक्ष है।

