फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 13 जुलाई। कायमगंज कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली से घायल इनामी गोकश चंदा को गिरफ्तार किया है। आज तडके कोतवाली कायमगंज पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र के मीरपुर से कलाखेल जाने वाले खड़ंजा मार्ग के समीप जंगल में गोवध अधिनियम के अभियोग में 25 हजार के इनामी अभियुक्त चंदा उर्फ चाँद मियां को उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल की बरामदगी हेतु ले जाया गया। बरामदगी के दौरान अभियुक्त चंदा पुलिस अभिरक्षा से छूटकर भागा, उसने झाड़ियों में छिपाकर रखे अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में चंदा के बाएं पैर में गोली लगी। घायल चंदा को उपचार हेतु सीएचसी कायमगंज भेजा गया। घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। अभियुक्त चंदा के कब्जे से निशानदेही अवैध 315 बोर तमंचा, जिंदा एवं 2 खोखा, एक बांका छुरी बरामद हुई। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद्र ने उक्त जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में कोतवाली कायमगंज पर अभियोग पंजीकृत किया गया।

