फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 20 जुलाई। राशन की कालाबाजारी करने वाले कोटेदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर दुकान का अनुबंध पत्र निरस्त कर दिया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने अवगत कराया है कि विकास खंड राजेपुर ग्राम पंचायत कोला सोता के उचित दर विक्रेता अवधेश सिंह के विरूद्ध राशन की कालाबाजारी करने की शिकायत मिली थी। अमृतपुर के पूर्ति निरीक्षक ने मौके पर राशन दुकान की जॉच की गयी। राशन विक्रेता अवधेश सिंह द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के द्वारा अनुदानित खाद्यान्न खाद्यान्न गेहूँ 41.728 क्विंटल, चावल 76.357 क्विंटल, चीनी 99 किलो, मक्का 11.45 क्विंटल एवं बाजरा 28.80 क्विंटल खाद्यान्न की कालाबाजारी कर ली।
जिलाधिकारी के अनुमोदन आदेश के अनुपालन में उचित दर विक्रेता अवधेश सिंह की उचित दर दुकान उचित दर दुकान का अनुबंध पत्र निलम्बित करते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अन्तर्गत थाना कोतवाली अमृतपुर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। उक्त राशन दुकान ग्राम पंचायत कुबेरपुर कुड़रा के विक्रेता चंद्र प्रकाश त्रिपाठी की दुकान से संबद्ध की गयी है।
उन्होंने जनपद के समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि राशन कार्डधारकों को नियमानुसार आवश्यक वस्तुओं का वितरण करना सुनिश्चित करें। यदि किसी उचित दर विक्रेता के विरूद्ध खाद्यान्न वितरण के सम्बन्ध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो उसके विरूद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।

