फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 20 जुलाई। पशुओं में खुरपका मुंहपका बीमारी के टीकाकरण का विशेष अभियान 22 जुलाई से शुरू होगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी धीरज कुमार ने बताया कि जनपद में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 22 जुलाई से 8 सितंबर तक विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जनपद के लगभग चार लाख गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जनपद के सभी सात विकास खंडों में संचालित 25 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से पशु चिकित्साधिकारियों एवं पशुधन प्रसार अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित करना है। इसके लिए विभाग द्वारा क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार की गई है, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक गांव में पहुंचकर टीकाकरण कराया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे विभागीय टीमों का पूरा सहयोग करें तथा अपने सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रह जाए। अभियान की सूचना संबंधित क्षेत्रों में पूर्व से उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान की सतत निगरानी की जाएगी, जिससे निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके तथा पशुधन को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखते हुए पशुपालकों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

