वन चेतना केंद्र निनौआ की भूमि ग्राम पंचायत को वापस करने की मांग

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 20 जुलाई। समुचित विकास न किए जाने के कारण वन चेतना केंद्र निनौआ की भूमि ग्राम पंचायत को वापस किए जाने की मांग की गई है। ग्राम पंचायत ने बीते कई दशक पूर्व इस उम्मीद से ग्राम सभा की कीमती जमीन वन विभाग को सौंपी थी कि वन चेतना केंद्र का विकास होने पर गांव वालों की भी तरक्की होगी। लेकिन वन चेतना केंद्र का नाम चलाया जा रहा है काम नहीं। किसान नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कटियार एडवोकेट ने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि निनौआ स्थित वन चेतना केंद्र की भूमि का वर्षों से समुचित उपयोग नहीं हो रहा है।

यदि वन विभाग इस स्थान पर शीघ्र ही नेचर पार्क, वन चेतना केंद्र, चिड़ियाघर तथा पर्यटन संबंधी सुविधाओं का विकास करता है तो यह जिले के पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण तथा स्थानीय रोजगार के लिए अत्यंत लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि यदि वन विभाग निर्धारित समय में इस परियोजना को विकसित करने में असमर्थ है, तो जनहित में उक्त भूमि ग्राम पंचायत निनौआ को वापस सौंप दी जाए। ताकि पंचायत अथवा शासन की अन्य योजनाओं के माध्यम से वहां विकास कार्य कराए जा सकें और भूमि अनुपयोग न पड़ी रहे।

श्री कटियार ने मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण, मुख्य वन संरक्षक तथा जिलाधिकारी फर्रुखाबाद से अनुरोध किया है कि इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेकर निनौआ क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाए। प्रभागीय वन निदेशक ने श्री कटियार को भेजें गये पत्र में कहा है कि शासन को यहां नेचर पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भेजा गया है।शासन से स्वीकृत मिलने पर शीघ्र ही विकास कार्य शुरू किया जायेगा

error: Content is protected !!