आईटीआई में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन करे: अंतिम तिथि 4 अगस्त

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 28 जुलाई 2026। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने प्रवेश के लिए तारीख की घोषणा कर दी ह राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फर्रुखाबाद के नोडल प्रधानाचार्य ने मीडिया को बताया कि प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में संचालित विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी www.scvtup.in वेबसाइट पर जाकर “Online Submission of Application for Admission for Session 2026-27” लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को ओटीपी के माध्यम से अपने मोबाइल नंबर का सत्यापन कराना होगा।

आवेदन पत्र पूर्ण करने के बाद “Proceed for Payment” लिंक के माध्यम से ऑनलाइन शुल्क जमा किया जाएगा। शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग अथवा यूपीआई के माध्यम से किया जा सकता है। भुगतान सफल होने के उपरांत अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र का प्रिंट भी प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को संशोधन के लिए 48 घंटे (2 दिन) का अवसर प्रदान किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ई-फॉर्म वेबसाइट www.scvtup.in पर उपलब्ध है, जहां से अभ्यर्थी आवश्यकतानुसार विवरण डाउनलोड अथवा प्रिंट भी कर सकते हैं। प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की सुविधा 4 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। अतः इच्छुक अभ्यर्थी अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय से अपना आवेदन पूर्ण कर लें।

प्रवेश पंजीकरण शुल्क इस प्रकार निर्धारित है।

1- सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) अभ्यर्थियों हेतु – ₹300

2- अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) अभ्यर्थियों हेतु – ₹250

3- समस्त महिला अभ्यर्थियों हेतु – ₹100

नोडल प्रधानाचार्य ने सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर प्रशिक्षण सत्र 2026-27 में प्रवेश का लाभ उठाने की अपील की।

error: Content is protected !!