फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 3 अगस्त। जिला प्रशासन ने बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों को रहमानिया इंटर कॉलेज में ठहराया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी के जल भराव से आवागमन की सुविधा बंद हो गई है। एसडीएम सदर संजय कुमार सिंह ने मीडिया को बताया की तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटरी धर्मपुर, कटरी बिलावलपुर एवं कटरी भीमपुर बाढ़ से प्रभावित है गांव के रास्तों में पानी भर गया है। अभी तक गांव की आबादी में पानी नहीं भरा है सड़क के किनारे में घरों में पानी घुस गया है बाढ़ प्रभावित लोगों को ठहराने के लिए अर्राहपहाड़पुर मंडी में व्यवस्था की गई है। 17 परिवारों के 98 सदस्यों को रहमानिया इंटर कॉलेज में ठहराया गया है।
जिनके लिए सुबह नाश्ता दोपहर व शाम को भोजन पानी एवं शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था है। सफाई के लिए दोनों सेंटरों पर दो-दो कर्मचारी लगाए गए हैं। श्री सिंह ने बताया कि उन्होंने आज ग्राम बिलावलपुर में बाढ़ से निपटने के लिए बैठक की। बैठक में ग्रामीणों के अलावा लेखपाल आंगनबाड़ी एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे। ग्रामीणों को बाढ़ से सचेत रहने के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि इलाके में अक्सर बाढ़ आती है गांव वाले लोग पहले से ही सतर्क रहते हैं। उन्होंने बताया की बाढ़ से प्रभावित लोग किसी भी समय अपनी परेशानी बता सकते हैं बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। मालूम हो कि आज नरौरा बांध से 153173 क्यूसिक पानी गंगा नदी में छोड़ा गया है फिलहाल गंगा का जलस्तर 136.90 बिंदु पर स्थिर है, चेतावनी बिंदु 136.60 है।

