फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 5 अगस्त। पत्नी की बेवफाई से क्षुब्ध राजमिस्त्री उमेश चंद जाटव ने फांसी लगाकर जान दे दी। जिससे परिवार में मातम छा गया। थाना कंपिल के ग्राम सिसइया नगला निवासी श्रीकृष्ण जाटव के 30 वर्षीय पुत्र उमेश चंद्र का शव आज करीब 3 बजे गांव से 2 किलोमीटर दूर गीतापुरम कॉलोनी के बाग में आम के पेड़ से लटका देखा गया। उमेश ने अपनी शर्ट को फाड़ कर कपड़े को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया। सूचना मिलने पर उमेश के परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में इस बात की जबरदस्त चर्चा है कि उमेश ने पत्नी पिंकी की बेवफाई के कारण अपनी जान दी है।
बताया गया कि पड़ोसी गांव अकबरपुर गढ़िया निवासी देवेंद्र यादव का उमेश के घर आने-जाने के दौरान पिंकी से मधुर संबंध हो गए थे। उमेश ने कई बार अविवाहित देवेंद्र से घर न आने को कहा था लेकिन पिंकी की खुली छूट मिलने के कारण देवेंद्र उसके घर जाता रहा। करीब एक पखवाड़े पूर्व आजमगढ़ निवासी पिंकी को उसकी बहनोई बुलाकर अपने घर ले गया था। पिंकी जाते समय अपनी दो पुत्री को साथ ले गई थी जबकि एक पुत्र व पुत्री को घर छोड़ गई थी। बहनोई ने सिसइया नगला के परिचित लोगों को फोन कर जानकारी दी कि वह अब पिंकी को उमेश के घर नहीं भेजेगा, पिंकी अब देवेंद्र यादव के घर जाएगी। यह जानकारी मिलते ही उमेश सदमे में आ गया था। उमेश के बाप का देहांत हो चुका है उसकी मां बीमार चल रही है उसके दो भाई है।

