फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 5 अगस्त। कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर मदनपुर चौकी क्षेत्र ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों में 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। शव की पहचान कमालगंज थाने के ग्राम अलाउद्दीनपुर निवासी स्वर्गीय गफरुद्दीन के 40 वर्षीय पुत्र नफीस के रूप में हुई। परिजन कई दिनों से नफीस को तलाश रहे थे। परिजनो ने मीडिया को बताया कि नफीस 10 जुलाई को अपने रिश्तेदार निजामुद्दीन के साथ गोवा मजदूरी करने गया था। काम पसंद न आने पर दोनों 31 जुलाई को ट्रेन से आगरा लौटे और वहां से बस द्वारा बेवर पहुंचे।
1 अगस्त को बेवर बस स्टैंड पर नफीस ने निजामुद्दीन से कहा कि वह शेविंग कराने जा रहा है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी नफीस का कोई पता नहीं चला तो निजामुद्दीन ने उसके भाई गुड्डू को सूचना दी। बताया कि बेवर में शेविंग की दुकान पर नफीस का किसी से झगझा हुआ था। उसके बाद कोल्ड ड्रिंक की दुकान पर भी कहासुनी हुई थी। चौकी के होमगार्ड सुखबीर सिंह नफीस को टेंपो में बैठाकर काली नदी पार मोहम्मदाबाद क्षेत्र में छोड़कर लौट गया था। परिजनों ने बताया कि उन्होंने बेवर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई, इंतजार करने को कहा गया।
नफीस अपने पीछे पत्नी किस्मत तारा तीन पुत्र उल्फत (13 वर्ष), नवीहार (11 वर्ष) तथा दिलजान (9 वर्ष) को छोड़ गया है।
मदनपुर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम कराया। क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने मीडिया को बताया कि बेवर चौराहे पर दुकानदारों से विवाद होने की बात सामने आई है, उनसे पूछताछ की जा रही है। ड होमगार्ड से भी जानकारी की जायेगी, घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डॉ प्रवीन कुमार एवं डॉ राना प्रताप की टीम ने नफीस के शव का पोस्टमार्टम किया। जिसमें सिर की हड्डी टूट जाने से नफीस की मौत होनी पायी गई।

