फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 6 अगस्त। प्रधानाचार्य के द्वारा क्रूरता से थप्पड़ मारे जाने के कारण छात्र के कान की पर्दा फट गई है। थाना मऊदरवाजा के निकट रहने वाले कुलदीप कुमार राठौर का पुत्र यश रस्तोगी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र है। यश बीते दिनों पैर में चोट होने के कारण स्कूल की ड्रेस पहनकर कॉलेज नहीं गया। इसी बात से गुस्साए प्रधानाचार्य संतोष त्रिपाठी ने छात्र की कनपटी पर कई जोरदार थप्पड़ जड़ दिए। पिटाई से छात्र के बाएं कान में सीटियां बजने लगी और सुनाई देना बंद हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर क्लास टीचर देवेंद्र कुमार ने छात्र को गंभीर अवस्था में घर जाने दिया। पीड़ित पिता ने जब घटना के संबंध में प्रधानाचार्य से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने अपना फोन बंद कर लिया।
कुलदीप ने बीते दिन घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी को विश्वास नहीं हुआ की पिटाई से छात्र के कान की पर्दा फट गई होगी। उनकी सलाह पर छात्र का डॉक्टर एसके सक्सेना के यहां जांच कराई गई तो पता चला की कान की पर्दा क्षतिग्रस्त हो गई है। तब पुलिस ने छात्र को मेडिकल जांच कराने के लिए लोहिया अस्पताल भेजा, अस्पताल में आज छात्र का सिटी स्कैन किया गया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र गहलोत ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

