फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 7 अगस्त। जिलापूर्ति कार्यालय की टीम ने छापा मार कर अवैध सिलेंडर बरामद कर कालाबाजारी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिलापूति अधिकारी ने मीडिया को बताया कि
बीती रात करीब 9 बजे गैस सिलेंडर के अवैध कारोबार की जानकारी मिली। इसी शिकायत पर फतेहगढ के मोहल्ला कसरट्टा स्थित गली में स्व० नन्दराम सक्सेना पुत्र स्व० नारायण प्रसाद सक्सेना निवासी फतेहगढ के मकान में पूर्ति निरीक्षक सदर अभिषेक मिश्रा, पूर्ति लिपिक राजीव कुमार एवं कोतवाली फतेहगढ के सिपाही अर्जुन यादव एवं ओमसिंह कांस्टेबल के साथ छापेमारी की गयी। जांच के समय मौके पर अरविन्द कुमार सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सक्सेना एवं घर में ही स्थित दुकान मालिक राजेन्द्र कुमार सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सक्सेना उपस्थित मिले।
छापेमारी के दौरान घर में एक कमरे में 4 घरेलू सिलेण्डर पाये गये जिसमें 3 भरे एवं 1 खाली सिलेण्डर पाया गया जोकि इण्डियन आयल कम्पनी के है। जिसके साथ एक रिफलर भी बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त घर के मुख्य द्वार के दाहिने और शटरनुमा दुकान के अन्दर 5 घरेलू गैस सिलेण्डर पाये गये, जिसमें 2 भरे एवं 3 खाली सिलेण्डर पाये गये। जिसके सम्बन्ध में पूछने पर कोई सन्तोष जनक उत्तर नही दिया गया और न ही कोई अभिलेख दिखा सके। मौके पर कोई भी अग्निशमन यंत्र भी नही पाया गया। उक्त बरामद 5 भरे घरेलू सिलेण्डर एवं 4 खाली घरेलू सिलेण्डर व 1 रिफलर को अपनी अभिरक्षा में लेते हुए मेसर्स पटेल गैस सर्विस आवास विकास टीला मसेनी स्थित गैस गोदाम को इस निर्देश के साथ दिया गया कि वह उपरोक्त बरामद समस्त सामग्री को सुरक्षित रखेगे एवं खुर्दबुर्द नही करेगें।
सक्षम अधिकारी या न्यायालय द्वारा मांगे जाने पर यथावत प्रस्तुत करेंगें। उपरोक्त से स्पष्ट है कि अरविन्द कुमार सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सक्सेना एवं घर में ही स्थित दुकान के मालिक राजेन्द्र कुमार सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सक्सेना निवासी मोहल्ला कसरट्टा द्वारा अवैध रूप से घरेलू सिलेण्डरों को भण्डार एवं संग्रहण करते हुए गैस की रिफलिंग एवं खरीद व बिकी का कार्य किया जा रहा है। जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अन्तर्गत दंड़नीय अपराध है। अरविन्द कुमार सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सक्सेना एवं घर के दुकान के मालिक राजेन्द्र कुमार सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सक्सेना के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अन्तर्गत कोतवाली फतेहगढ में मुकदमा पंजीकृत कराया गया।

