फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 7 अगस्त। प्रशासन द्वारा बाढ़ पीड़ितों पीड़ितों को उपलब्ध कराये जा रहे लंच पैकेट से पेट नहीं भर पा रहा है। बिजली व पंखे की व्यवस्था न होने के कारण बेघर पीड़ित और परेशान है। नगर की सीमा स्थित अर्राह पहाड़पुर मंडी में कटरी धर्मपुर, ठठा की मडैया, बिलावलपुर, शिकारपुर, गयादीन की मडैया ढकेलापुर आदि गांव के 157 बाढ़ पीड़ितों को ठहराया गया है। जिनको सुबह नाश्ते में चाय, बिस्किट का एक पैकेट तथा बच्चों को 2 केले दिए जाते हैं दोपहर करीब 11 बजे खाने के लिए एक पैकेट दिया जाता है जिसमें 6 पूडी सूखी व रसीली आलू की दो सब्जी एवं चावल होते हैं। रात 8 बजे भी इसी तरीके का पैकेट 2 अगस्त से दिया जा रहा है।
वृद्ध धन देवी कठेरिया एवं श्रीमती बुद्धा कठेरिया आदि बाढ़ पीड़ितों ने बताया की पूडी काफी छोटी होती है चावल भी काफी कम होते हैं इस भोजन से पेट नहीं भर पाता। रोजाना पूडी व आलू की ही सब्जी खाने से मन भर गया है। चूल्हे पर रोटी व सब्जी बनाकर पेट भरते हैं। परिवारों ने अपने-अपने अस्थाई चूल्हे बनाए हैं। बाढ़ पीड़ितों को के लिए इलाज की कोई व्यवस्था नहीं है आदेश कुमार कठेरिया की करीब 6 वर्षीय पुत्री शिवांगी के सिर में गर्मी के कारण पुड़ियां निकली है आदेश की पत्नी श्रीमती धनदेवी के प्रसव का अंतिम समय चल रहा है। धनदेवी ने बताया कि क्षेत्र की आशा ने गर्भावस्था के दौरान कोई भी टीका नहीं लगाया और न ही कोई दवा दी है आंगनवाड़ी से भी कोई मदद नहीं मिली है।
पीड़ित धनदेवी ने बताया कि मैंने कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर कटरी मायके में टीका लगवाया था। आदेश कुमार ने बताया कि गांव के अध्यापक भोजराज लोधी राजपूत की पत्नी आशा का कार्य करती है जबकि बिलावलपुर निवासी राजवीर लोधी राजपूत की पत्नी आंगनवाड़ी में तैनात है। जिन्होंने गर्भवती पत्नी की कोई मदद नहीं की एक मात्र पुत्री को पुष्ठाहार नहीं दिया। आदेश कुमार ने बताया की प्रधान राम औतार पाल ने ग्राम पंचायत की 20 बीघा जमीन पर करीब सात आठ वर्षो से जबरन कब्जा कर रखा है। आदेश धनदेवी आदि पीड़ितों ने बताया कि ग्राम प्रधान व लेखपाल रामबरन पाल ने बाढ़ सहायता नहीं दी। 
आदेश कुमार ने ठहरने के लिए दिए गए कमरे को दिखाते हुए एफबीडी न्यूज़ को बताया कि कमरे में बिजली की व्यवस्था नहीं है और न ही पंखा लगा है। गर्भवती पत्नी व पुत्री को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। धन देवी ने बताया कि मैं बुखार आने के कारण बीते कई दिनों से बीमार हूं मेडिकल से 250 रूपयों की दवा लेकर आई हूं दवा खाने के कारण चावल भी नहीं खा सकती। जानवरों के लिए एक बार में करीब 2 किलो भूसा दिया गया है। मंडी में आज ही बाढ़ पीड़ितों के लिए दो पंखे व एक नया कूलर भेजा गया है। ड्यूटी करने वाले अमीन संदीप कुमार सिंह ने बताया कि कल मैंने भोजन की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार खन्ना को हड़काया था तभी आज पंखे व कूलर भेजा गया है। ड्यूटी करने वाले लेखपाल अनिल वर्मा ने बताया की बाढ़ पीड़ितों को मच्छरों से निजात दिलाने के लिए फागिंग मशीन से धुएं का छिड़काव किया गया है। किसी को भी कोई परेशानी नहीं है व्यक्तिगत रंजिश के कारण कुछ लोग गलत जानकारी दे रहे हैं।

