स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 15 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग, फर्रुखाबाद में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। 15 अगस्त 2026 को भारत की आजादी के 79 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संस्थान परिसर को तिरंगे और देशभक्ति के रंग में सराबोर किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों एवं संस्थान की प्रबंध समिति द्वारा मां सरस्वती, मां भारती और देश की महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। संस्था के प्रबंधक अनुराग दुबे ने ध्वजारोहण किया, बाद में सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। स्वतंत्रता के इस अमृत कालखंड में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य, नाटकों और गीतों के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट भावनाएं प्रस्तुत कीं।

इसके अलावा छात्र-छात्राओं ने भाषण और मनमोहक रंगोली जैसी प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर संस्था डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे ने संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा है। हमारे घरों, दफ्तरों, स्कूलों और कॉलेजों में लहराता तिरंगा इस बात का प्रतीक है कि 200 वर्षों के ब्रिटिश शासन के बाद हमें यह आजादी कितनी मुश्किलों से मिली है। यह दिन हमें उन अमर शहीदों की याद दिलाता है जिन्होंने देश की खातिर अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया। संस्थान के प्रबंधक अनुराग दुबे ने देश के सभी शहीदों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में आए अतिथियों और छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सभी पदाधिकारियों, स्टाफ एवं विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर शिवस्वरूप पाठक, संतोष तिवारी, अभिषेक मिश्रा सहित संस्थान के प्राचार्य, शिक्षक और समस्त कर्मचारी एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे। पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।

error: Content is protected !!