फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 30 अगस्त। नगर के नटराज भवन में ललन पिया हाजी विलायत अली संगीत अकादमी की मासिक बैठक में ‘पांचाल संगीत संध्या’ की सावन विशेष संगीत गोष्ठी का आयोजन किया गया। विशेष संगीत गोष्ठी का शुभारंभ समाजसेवी संजय गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर किया। कलाकारों ने गायन, नृत्य, समूहगान तथा वादन की विविध प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गोष्ठी में शिवी पांडेय ने नृत्य, शानवी ने भजन गायन तथा शिवानी कटियार ने नृत्य प्रस्तुत किया। कलाकारों द्वारा सावन गीत और राग खमाज पर आधारित समूहगान प्रस्तुत किया गया।
हर्षिखा, मिष्ठी मुख़र्जी, अंजली श्रीवास्तव तथा काव्या चतुर्वेदी ने अपने नृत्य से कार्यक्रम में रंग भर दिया। संगीत संध्या में आशीष शुक्ला ने राग-आधारित गायन, तनिषा शर्मा ने नृत्य तथा आस्तिकी मिश्रा ने गायन प्रस्तुत किया। अभिनव ने एकल तबला वादन से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रियांशु भारद्वाज एवं कौशल मौर्य के गायन ने कार्यक्रम को यादगार बनाया। हारमोनियम पर संगत आकर्ष शुक्ला ने तथा तबले पर संगत अमन मिश्रा ने की। गोष्ठी में गौरव मिश्रा, अमित सक्सेना, सुरेंद्र पांडेय, आशीष शुक्ला, आयुष शुक्ला आदि उपस्थित रहे। संचालन अरविंद दीक्षित ने किया।अंत में कार्यक्रम के संयोजक आकर्ष शुक्ला ने समस्त कलाकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

