फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 30 सितंबर 26। नाला बघार में नहाते समय डूब जाने से छात्र अनिकेत राजपूत की मौत हो जाने से मातम छा गया। थाना मऊ दरवाजा के ग्राम गढ़िया निवासी स्वर्गीय राजीव कुमार का 14 वर्षीय पुत्र अनिकेत गांव के अनेकों साथियों के साथ दोपहर के समय नाला बगार में नहाने गया। युवक ग्राम मानिकपुर के निकट ग्राम अजमतपुर जाने वाले रास्ते की पुलिया के निकट नाला बघार में नहा रहे थे। उसी समय गहराई में चले जाने के कारण अनिकेत डूबने लगा, गांव के रामतीर्थ के बेटे ने अनिकेत का हाथ पकड़ कर बचाने का प्रयास किया। अनिकेत का हाथ छूट जाने के कारण वह पानी में डूब गया।
रामतीर्थ ने अनिकेत के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जबकि अन्य साथी भय के कारण गायब हो गए। परिजनों ने बघार में घुसकर अनिकेत को तलाशने का प्रयास किया लेकिन वह लोग डूब जाने के भय से गहराई में नहीं घुसे। सूचना मिलते ही मऊ दरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने पांचाल घाट सोता बहादुरपुर से गोताखोरों को बुलाया। थानाध्यक्ष एवं मेडिकल चौकी इंचार्ज रामकेश यादव दीवान लाल सिंह के घटनास्थल पर पहुंचे। गोताखोरों ने प्रयास करके अनिकेत को ढूंढ कर बाहर निकाला। चौकी इंचार्ज अनिकेत को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल ले गए, डॉक्टर ने अनिकेत को मृत घोषित कर दिया।
अनिकेत पानी में बहकर पुलिया से करीब 50 मीटर दूर जलकुंभी में फंस गया था। बताया जाता है कि अंकित अपने मां-बाप का अकेला बेटा था उसके मां-बाप का देहांत हो चुका है। दादी जीवित है दो बहने हैं अनिकेत कक्षा 6 में पड़ता था।

