फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) 2 अक्टूबर 26। आज जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, फर्रुखाबाद में गांधी जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के नर्सिंग छात्र-छात्राओं एवं फैकल्टी सदस्यों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं फैकल्टी सदस्यों के साथ मिलकर महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, शांति एवं मानवता के आदर्शों का स्मरण किया।
इस पावन अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन अनुराग दुबे जी ने गांधी जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा सभी को महात्मा गांधी जी के महान आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस समारोह ने सभी को सत्य, शांति, अहिंसा एवं समाज के प्रति निःस्वार्थ सेवा के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर समस्त स्टाफ व विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
सीपी इंटरनेशनल स्कूल में कार्यक्रम

सीपी इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के जन्म दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य पीरथ और उप प्रधानाचार्य नवीन शाक्य के द्वारा ध्वजारोहण एवं गांधी व शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि तथा माल्यार्पण करके किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में दयानंद शर्मा की टीम—स्पृहा, आराध्या, काया, आयुष, अध्ययन एवं राहुल ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन की अत्यंत मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
रश्मि तिवारी, सृष्टि मैडम, कविता तिवारी एवं प्रीति दीक्षित ने ‘साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल’ पर मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी में देशभक्ति का संचार किया। आकाश भदौरिया ने ‘जो प्रेम गली में आया ही नहीं’ के माध्यम से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। श्रवण कुमार मिश्रा ने ‘मम भारत देश: सोऽयम्’ संस्कृत गीत की ओजस्वी प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। देवानंद राजपूत ने महापुरुषों के सिद्धांतों पर अपना अत्यंत सारगर्भित, विचारोत्तेजक एवं गंभीर उद्बोधन दिया। शरद गोयल ने गांधी जी के युगांतरकारी विचारों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों पर चलने की बात कही।
विद्यालय की निदेशिका डॉ. मिथिलेश अग्रवाल एवं उपनिदेशिका श्रीमती अंजू राजे ने गांधी एवं शास्त्री की जयंती पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि महात्मा गांधी जी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांत और शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी हम सभी का मार्गदर्शन करता है। प्रधानाचार्य श्री पी. रथ ने गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन चरित्र का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए अत्यंत प्रेरणादायी उद्बोधन दिया।
उन्होंने कहा कि हम सभी को इन महान विभूतियों के सादगीपूर्ण जीवन और उच्च विचारों से सीख लेकर अपने जीवन में उतारना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उप प्रधानाचार्य नवीन शाक्य ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल एवं जीवंत मंच संचालन छात्र अर्णव यादव एवं सार्थक द्वारा किया गया।
श्री विश्वनाथ सामाजिक सेवा संस्थान का कार्यक्रम

श्री विश्वनाथ सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा एशियन कम्प्यूटर इंस्टीट्यूट में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर अपने विचार साझा किए। छात्रा सपना ने कहा कि गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी समाज में शांति एवं सद्भाव स्थापित करने के लिए प्रेरणादायक हैं। वहीं, छात्र आयुष द्विवेदी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का सादा जीवन और देश के प्रति समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
संस्थान के निदेशक सुरेन्द्र पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को केवल याद करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में संस्थान की स्टाफ सदस्य फाल्गुनी एवं सुपर्णा मिश्रा, राधारमण शुक्ला सहित छात्र छात्रायें उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

