फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 6 अक्टूबर 26। न्यायालय कर्मचारी अमित मिश्रा की मौत हो जाने से गुस्साए परिजनों ने एसओ व दरोगा के विरुद्ध भी रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर धरना दिया। थाना राजेपुर के ग्राम सलेमपुर निवासी राजेश कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को संबोधित रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक उनका बेटा अमित मिश्रा न्यायालय कर्मचारी था। वह 27 सितंबर की रात 8 बजे जनपद न्यायाधीश के आवास पर ड्यूटी करके घर जा रहा था। जब वह रात करीब 8.30 बजे ग्राम गढ़िया मोड़ से गुजर रहा था उसी समय अमित के ऊपर हमला किया गया।
अमित ने भाग कर जान बचाई और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। थाना राजेपुर पुलिस ने गंभीर घायल अमित का डाक्टरी परीक्षण कराया। दूसरे दिन मामले की जांच करने वाले उप निरीक्षक आशुतोष कुमार यादव को हमलावरों के नाम बताकर उनके फोन नंबर भी दिए गए। कोई कार्रवाई न होने पर राजेश कुमार बेटे के साथ दरोगा आशुतोष कुमार से मिले। दरोगा ने पिता पुत्र को बताया कि तुम लोगों ने जो नाम दिए थे जांच में वही लोग हमलावर पाए गए। हमलावर मेरे मिलने वालों के लड़के हैं जिसके कारण मैं उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकता।
राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि दरोगा आशुतोष यादव ने गाली गलौज कर मुझे वह मेरे बेटे को भगा दिया। जिसके कारण बेटा अमित भयग्रस्त हो गया आज सुबह बेटे अमित ने कहा कि कार्रवाई न होने के कारण हमलावरों के हौसले बुलंद हैं वह मुझे मार डालेंगे। यह कहते ही अमित के सीने में दर्द हुआ और वह बेहोश हो गया लोहिया अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पिता राजेश कुमार ने राजेपुर थानाध्यक्ष उप निरीक्षक आशुतोष यादव व हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
अमित की मौत से गुस्साए परिजनों की पुलिस से काफी कहासुनी हुई, न्यायालय कर्मचारी पुलिस लाइन में हंगामा मचाने के बाद कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठ गये। इस दौरान पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। पुलिस ने अमित का पोस्टमार्टम कराया, पोस्टमार्टम में अमित की मौत हार्ट अटैक से होनी पाई गई। बताया गया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

