फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 7 अक्टूबर 26। कलियुगी नाती के द्वारा हंसिया से प्रहार कर वृद्धा श्रीमती लक्ष्मी को मार कर कुंडल नोचे जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। 55 वर्षीय श्रीमती लक्ष्मी देवी थाना नवाबगंज के बवना तिराहा स्थित जगमोहन शर्मा की पत्नी थी। कोई संतान न होने पर जगमोहन शर्मा ने अपने भाई की पुत्री शिल्पी को गोद लिया है। जगमोहन शर्मा बीमार शिल्पी को लेकर जनपद मैनपुरी दवा लेने गए थे। दोपहर के समय घर में लक्ष्मी देवी अकेली थी तभी परिवार के संजीव शर्मा का 17 वर्षीय पुत्र सत्यम लक्ष्मी देवी के घर पहुंचा।
उसने लक्ष्मी देवी को अकेला देखकर हत्या करने के लिए उनके ऊपर अनेकों प्रहार किये और घसीट कर अंदर कमरे में ले गया। इस दौरान पड़ोस मैं रहने वाली 13 वर्षीय मानवी पुत्री दरवाजा खोलकर घर अंदर गई। उसने सत्यम को वृद्धा लक्ष्मी के कुंडल नोचते देखा। मानवी को देखकर भयभीत सत्यम ने मार डालने के लिए उसे दबोच लिया जिससे मानवी के चेहरे पर चोट के निशान बन गए। लडकी के द्वारा शोर मचाने पर पड़ोसी सेंट मैरी स्कूल के शिक्षक आदि लोग मौके पर पहुंचे जिन्होंने हत्यारे सत्यम को पकड़ लिया। जमीन पर मृत पड़ी वृद्धा के शरीर पर अनेकों घाव देखे गए चारों ओर काफी खून फैला था।
पुलिस को बुलाकर सत्यम को सौंपा गया। जगमोहन शर्मा मैनपुरी नहीं पहुंचे थे रास्ते में घटना की सूचना मिलने पर घर वापस पहुंचे। संजीव शर्मा मोहम्मदाबाद के पेट्रोल पंप पर नौकरी करते हैं। जगमोहन शर्मा एवं संजीव शर्मा के मकान का एक ही दरवाजा है।

