हटाए गए लापरवाह थाना प्रभारी, दरोगा निलंबित: न्यायालय कर्मचारी की मौत के मामले में

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 7 अक्टूबर 26। न्यायालय कर्मचारी अमित मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने थाना राजेपुर के प्रभारी निरीक्षक राजीव पांडे की अमृतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक पद पर तैनाती की है मनमाने ढंग से काम करने वाले दरोगा आशुतोष कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया। अमृतपुर थाना अध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी की राजेपुर थानाध्यक्ष पद पर तैनाती की गई है। मालूम हो कि बीते दिन थाना राजेपुर के ग्राम सलेमपुर निवासी राजेश कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी थी। तहरीर के मुताबिक उनका बेटा अमित मिश्रा न्यायालय कर्मचारी था।

वह 27 सितंबर की रात 8 बजे जनपद न्यायाधीश के आवास पर ड्यूटी करके घर जा रहा था। जब वह रात करीब 8.30 बजे ग्राम गढ़िया मोड़ से गुजर रहा था उसी समय अमित के ऊपर हमला किया गया। अमित ने भाग कर जान बचाई और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। थाना राजेपुर पुलिस ने गंभीर घायल अमित का डाक्टरी परीक्षण कराया। दूसरे दिन मामले की जांच करने वाले हलका इंचार्ज उप निरीक्षक आशुतोष कुमार यादव को हमलावरों के नाम बताकर उनके फोन नंबर भी दिए गए। कोई कार्रवाई न होने पर राजेश कुमार बेटे के साथ दरोगा आशुतोष कुमार से मिले।

दरोगा ने पिता पुत्र को बताया कि तुम लोगों ने जो नाम दिए थे जांच में वही लोग हमलावर पाए गए। हमलावर मेरे मिलने वालों के लड़के हैं जिसके कारण मैं उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकता। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि दरोगा आशुतोष यादव ने गाली गलौज कर मुझे वह मेरे बेटे को भगा दिया। जिसके कारण बेटा अमित भयग्रस्त हो गया आज सुबह बेटे अमित ने कहा कि कार्रवाई न होने के कारण हमलावरों के हौसले बुलंद हैं वह मुझे मार डालेंगे। यह कहते ही अमित के सीने में दर्द हुआ और वह बेहोश हो गया लोहिया अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पीड़ित पिता राजेश कुमार ने राजेपुर थानाध्यक्ष उप निरीक्षक आशुतोष यादव व हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की । अमित की मौत से गुस्साए परिजनों की पुलिस से काफी कहासुनी हुई, पीड़ित परिजन पुलिस लाइन में हंगामा मचाने के बाद कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गये। पुलिस ने अमित का पोस्टमार्टम कराया, पोस्टमार्टम में अमित की मौत हार्ट अटैक से होनी पाई गई।  पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।

error: Content is protected !!