छूटे व नये मतदाता शामिल किए जाएंगे वोटर लिस्ट में: चुनाव की तैयारी

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 9 अक्टूबर 26। विधानसभा चुनाव की तैयारी में जिला प्रशासन ने छूटे व नए मतदाताओं को वोटर लिस्ट में शामिल करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट् सभागार में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई ई। बैठक में जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम सम्मिलित कराने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप विशेष अभियान संचालित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 977 मतदान केंद्र, 1,642 मतदेय स्थल, 1,642 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा 166 सुपरवाइजर हैं। 9 अक्टूबर 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद में कुल 11,79,254 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 6,52,657 पुरुष, 5,26,576 महिला तथा 21 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की वर्तमान स्थिति के अनुसार कायमगंज में 3,48,816, अमृतपुर में 2,67,573, फर्रुखाबाद में 2,80,831 तथा भोजपुर में 2,82,034 मतदाता पंजीकृत हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र नागरिकों, प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं तथा ऐसे पात्र व्यक्तियों, जिनके नाम किसी कारणवश निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं हो पाए हैं, को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का सत्यापन किया जाएगा तथा पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर नाम सम्मिलित कराने में सहायता प्रदान की जाएगी।

उन्होंने निर्देशित किया कि बूथ लेवल अधिकारी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व की निर्वाचक नामावली तथा वर्तमान में प्रकाशित निर्वाचक नामावली का तुलनात्मक परीक्षण कर ऐसे मतदाताओं को चिह्नित करें, जिनके नाम पूर्व की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में सम्मिलित नहीं हैं। चिह्नित मतदाताओं की सूची तैयार कर उनके घर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए तथा पात्र पाए जाने पर नाम सम्मिलित कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी द्वारा निर्धारित अवधि में पर्याप्त संख्या में मतदाताओं से संपर्क कर इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि छूटे हुए मतदाताओं एवं प्रथम बार पंजीकरण कराने वाले युवाओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाए। साथ ही, भरे हुए फॉर्म-6 तथा भौतिक सत्यापन रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्री करण अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए, ताकि नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा सके। उन्होंने कहा कि रात्रि आश्रयों, श्रमिक बस्तियों, बेघर व्यक्तियों तथा समाज के वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। शिक्षण संस्थानों, स्थानीय जनसंपर्क, स्वीप गतिविधियों तथा अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के अवसर से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी की जाए तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि निर्वाचक नामावली को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सके।

बैठक में बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि राम रतन गौतम, समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि एडवोकेट अंकुश सिंह, अपना दल एस0 प्रतिनिधि आयुष गुप्ता, भाजपा प्रतिनिधि मुकेश गुप्ता, सीपीआई जिलाध्यक्ष सुनील कुमार कटियार, जिलाध्यक्ष अपना दल एस0 जितेंद्र कटियार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!