ललन पिया हाजी विलायत अली संगीत अकादमी का शास्त्रीय संगीत सम्मेलन: ‘स्वरांजलि का आयोजन

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 10 अक्टूबर 26। संस्कृति निदेशालय उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से ललन पिया हाजी विलायत अली संगीत अकादमी का 44वां शास्त्रीय संगीत सम्मेलन जो कि फर्रुखाबाद के तीन संगीत रत्नों पं ललन पिया, उस्ताद हाजी विलायत अली खां और आचार्य कंचन को समर्पित है, का आयोजन आज बद्री विशाल कॉलेज में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि प. बिरजू महाराज कथक संस्थान संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश की उपाध्यक्ष डॉ मिथिलेश तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ रंगनाथ मिश्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

तत्पश्चात श्रीमती आस्तिकी मिश्रा की सरस्वती वंदना हुई, जिसके साथ आकर्ष शुक्ला ने हारमोनियम तथा अमन मिश्रा ने तबले पर संगत की। संयोजक आकर्ष शुक्ला ने आयोजन की पृष्टभूमि पर प्रकाश डाला। दिल्ली घराने से पधारे पं सूरज निर्वाण का तबला स्वतंत्र वादन हुआ जिसमें उन्होंने दिल्ली घराने की प्रस्तुति दी। इनके साथ सारंगी पर दिल्ली से ही आए पं पुनीत सिसोदिया ने संगत की। जयपुर से पधारे मैहर सेनिया घराने के डॉ आकाशदीप ने सरोद वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उन्होंने राग मरवा था धुन प्रस्तुत किया जिसके साथ तबले पर दिल्ली से पधारे पं मिहिर कुमार नट्टा ने कुशल संगत की। कार्यक्रम के अंत में बरेली से आए वरिष्ठ संगीतज्ञ सुरमणि पं अवधेश गोस्वामी ने पूरिया कल्याण ठुमरी एवं भजन प्रस्तुत किया आपके साथ सहगान रानीखेत से आए पं दीपक राणा ने किया। तबले पर संगत पं सूरज निर्वाण ने की। इस अवसर पर फर्रुखाबाद निवासी और कानपुर की संगीत प्रवक्ता डॉ नीतू कमठान की पुस्तक ‘संगीत चक्रवली’ का विमोचन मुख्य अतिथि ने किया। अकादमी द्वारा आचार्य कंचन एवं डॉ सतीश चंद्र रस्तोगी स्मृति सम्मान क्रमशः साहित्यकार राम अवतार शर्मा इंदु और वरिष्ठ संगीतज्ञ सुश्री पुष्पलता रस्तोगी को प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि संगीत की जीवंत परंपरा का निर्वहन करना एक बड़ी साधना है। संस्था अध्यक्ष विनोद कुमार दुबे ने अतिथियों का स्वागत किया सचिव डॉ विद्या प्रकाश दीक्षित ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर श्री भूपेंद्र सिंह, डॉ अरविंद गुप्ता, संजय गर्ग, डॉ प्रदीप माथुर, पी रथ, डॉ विनोद तिवारी, सुरेंद्र सोमवंशी, अरविन्द दीक्षित, वैभव सोमवंशी, आकिब आदि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!