किसानों को ऑनलाइन मिलेगा आलू का बीज: कई प्रजातियां

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 10 अक्टूबर 26। जिला प्रशासन ने किसानों को ऑनलाइन आलू का बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने जिले के समस्त आलू उत्पादक किसानों को अवगत कराया गया है कि वर्ष 2026 में आलू बीज उपलब्ध है। मांग के दृष्टिगत किसानों को वितरण हेतु जनपद में विभिन्न प्रजातियों का 1359.50 कुंतल आलू बीज का आवंटन किया गया है। आलू बीज में कुफरी बहार, कुफरी चिप्सोना-1, कुफरी चिप्सोना-3, कुफरी सूर्या, कुफरी ख्याति, कुफरी मोहन एवं कुफरी फ्राइसोना आदि प्रजातियां शामिल हैं। बीज की दरें प्रजाति एवं श्रेणी के अनुसार निर्धारित की गई हैं।

आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि जनपद के समस्त कृषकों को आलू बीज की मांग प्रजातिवार ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही करनी होगी। आलू बीज की ऑनलाइन बुकिंग के लिए किसान, आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, कमरा संख्या-57, विकास भवन, फतेहगढ़ में संपर्क कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त किसान उद्यान निरीक्षक पुष्पेन्द्र यादव मोबाइल नंबर- 8318370646 एवं सहायक उद्यान निरीक्षक अभिषेक कुमार मोबाइल नंबर 9026189437 से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आलू बीज की दर एवं योजनान्तर्गत आलू बीज की बुकिंग के लिए किसानों को विभागीय ऑनलाइन पोर्टल https://potato.uphorticulture.in/ पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण एवं बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, कृषक की फोटो तथा भूमि संबंधी अभिलेख (खसरा/खतौनी) आदि आवश्यक होंगे।

आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही आलू बीज की बुकिंग कराएं तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए योजना का लाभ प्राप्त करें।

error: Content is protected !!