एडीजी कुलश्रेष्ठ बोली: महिलाओं की सुरक्षा व चोरी की वारदातों पर पुलिस की रहेगी विशेष नजर

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 16 अक्टूबर 26। कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने आज यहां कहा है कि राम नवमी व दशहरा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा व अपराध की वारदातों पर पुलिस की कडी़ नजर रहेगी। एडीजी श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने आज सायं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह आदि अधिकारियों के काफिले के साथ बढ़पुर स्थित मां शीतला देवी मंदिर, क्रिश्चियन कॉलेज मैदान में दशहरा मेले की तैयारी तथा गुड़गांव देवी मंदिर में नवरात्रि में आने वाली महिलाओं की सुरक्षा के संबंध में व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान श्रीमती कुलश्रेष्ठ ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के बाद श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने मीडिया को बताया कि उन्होंने मंदिर के निरीक्षण के दौरान शीतला माता के दर्शन किए। उन्होंने बताया की नवरात्र शुरू हो जाने के कारण मंदिरों में महिलाओं की अधिक भीड़ रहती है। वह मंदिरों एवं दशहरा पर रावण दहन के दौरान पुलिस की तैयारी का जायजा लेने आई है। रामनवमी एवं दशहरा रावण दहन के दौरान अत्यधिक भीड़ रहती है। इस दौरान पुलिस भीड़ प्रबंधन सुरक्षा एवं यातायात की व्यवस्था पर विशेष रूप से सक्रिय रहेगी। इस दौरान पुलिस की खास नजर महिलाओं की दिक्कत छेड़खानी बदतमीजी स्नैचिंग एवं चोरी चकारी की घटनाओं पर रहेगी।

श्रीमती कुलश्रेष्ठ ने विश्वास जाहिर किया की नवरात्र एवं दशहरा पूजन के कार्यक्रम शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न होंगे। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक क्षेत्राधिकारी कोतवाली फर्रुखाबाद एवं मऊदरवाजा के थानाध्यक्ष अजब सिंह नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे। इससे पूर्व श्रीमती कुलश्रेष्ठ ने पुलिस लाइन फतेहगढ़ में शिलापट्टिका का अनावरण एवं फीता काटकर जिम का उद्घाटन किया। मालूम हो कि पुलिस जवानों को शारीरिक रूप से फिट रखने तथा उनके उत्तम साथ स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिम लगाई गई है।

error: Content is protected !!