फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 16 अक्टूबर 26। जिला विकास अधिकारी एसके तिवारी ने लाखों रूपयों का फर्जीवाडा करने वाले ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया है। जिला विकास अधिकारी श्री तिवारी ने मुख्य विकास अधिकारी के अनुमोदन पर प्रदीप यादव, ग्राम विकास अधिकारी विकास खण्ड कमालगंज को निलम्बित किया है। प्रदीप यादव को निम्न आरोपों में निलंबित किया गया है।
ग्राम पंचायत नगला दाऊद में धनराशि रुपये 4,85,492/- का भुगतान विभिन्न तिथियों में अब्दुला खां के नाम से एवं ग्राम प्रधान (स्वयं) एवं ग्राम प्रधान पति फिरोज खां के नाम धनराशि रुपयों 1,64,110/- का नियम विरूद्ध भुगतान किया गया। ग्राम पंचायत नसरतपुर नौगांव में धनराशि रुपये 11,38,678/- का भुगतान विभिन्न तिथियों में समाउदीनपुर के नाम से नियम विरूद्ध भुगतान किया गया। ग्राम पंचायत गौसपुर में धनराशि रुपये 2,27,770/- का भुगतान विभिन्न तिथियों में हिलाल अहमद के नाम से नियम विरूद्ध भुगतान किया गया।
जिला पंचायतराज अधिकारी ने स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये थे, परन्तु स्पष्टीकरण उपलब्ध नहीं कराया गया। पदीय दायित्वों का निर्वहन नहीं किया गया, शासकीय कार्यों में लापरवाही की गई एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों एवं शासनादेशों की स्पष्ट रूप से अवेहलना की गयी है।

