बुद्ध महोत्सव में सुरेश बौद्ध की धम्म यात्रा एवं चेतसिक बोधि के यहां लाउडिस्पीकर पर प्रतिबंध लगाने की मांग

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 17 अक्टूबर 26। संकिसा में बुद्ध महोत्सव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर हुई बैठक में सुरेश बौद्ध  की धम्म यात्रा एवं भंते चेतसिक बोधी के बुद्ध विहार में लाउडस्पीकर के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की गई। एसडीएम सदर सुरेश चंद एवं क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा ने आज सायं संकिसा के निरीक्षण भवन में बुद्ध महोत्सव को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए बौद्धों एवं सनातनियों के साथ बैठक की। एसडीएम ने दोनों पक्षों का परिचय लेकर उपस्थित रजिस्टर पर दस्तखत कराकर मोबाइल फोन लिखवाये।

सीओ श्री वर्मा ने भव्यता के साथ बुद्ध महोत्सव मनाए जाने की कामना करते हुए कहा कि पिछले कार्यक्रम की गलतियां में सुधार किया जाए। धम्मालोको बुद्ध विहार ट्रस्ट के उप प्रबंधक रघुवीर सिंह शाक्य ने बताया की पिछली बार नगर पंचायत कार्यालय के शौचालय जाने वाले कई बौद्ध समर्थकों के मोबाइल फोन छीने गए थे। सीओ ने महोत्सव में दिव्यांग जनों के लिए एक दो ई-रिक्शा का इंतजाम कर चालक का नाम एवं मोबाइल फोन थानाध्यक्ष को नोट कराए जाने का सुझाव दिया। संकिसा के पूर्व प्रधान राघव दीक्षित ने ने कहा की बौद्ध महोत्सव में नई परंपरा शुरू की जा रही है।

जनपद मैनपुरी राजघाट स्थित वाईबीएस सेंटर के संचालक सुरेश बौद्ध उसी समय धम्म यात्रा लेकर स्तूप पर पहुंचते हैं जब गेस्ट हाउस से निकलने वाली धम्म यात्रा स्तूप पहुंचती है। श्री दीक्षित ने सुरेश बौद्ध की धम्म यात्रा को जिले की सीमा काली नदी पुल के निकट रोकने अथवा उसका समय बदले जाने का सुझाव दिया। उन्होंने यह भी बताया की सुरेश बौद्ध की धम्म यात्रा में अराजक तत्व आते हैं जिन्होंने वर्ष 2021 में स्तूप के ऊपर तोड़फोड़ कर बवाल मचाया था। मौका देखकर ट्रस्ट के अध्यक्ष कर्मवीर शाक्य ने भंते चेतन बुद्ध के बोधी पुस्तकालय एवं बुद्ध बुद्ध विहार में होने वाले परित्राण पाठ की जानकारी देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं है।

बुद्ध विहार में लाउडस्पीकर का प्रयोग कर शोरगुल मचाकर हमारे बुद्ध महोत्सव के कार्यक्रम को डिस्टर्ब किया जाता है। श्री शाक्य ने सुझाव दिया कि जब धम्म यात्रा स्तूप परिसर के निकट पहुंचती है उसी समय स्तूप परिसर के दोनों गेट खोले जाएं। जिससे बौद्ध समर्थकों को अंदर जाने में परेशानी न उठानी पड़े, उससे पूर्व तक पूरा गेट न खोला जाए। हम लोग 10 बजे तक स्तूप परिसर को खाली कर देते हैं। सीओ श्री वर्मा ने मां बिसारी देवी सेवा समिति के संयोजक एवं भाजपा नेता अतुल दीक्षित से पूंछा की आप कितने बजे मंदिर में पूजा करने पहुंचते हैं।

श्री दीक्षित ने बताया कि वह 10 बजे समर्थकों के साथ पहुंचते हैं। श्री दीक्षित को 10 बजे के बजाय 10.30 बजे पहुंचने एवं पूजा करने वाले पांचों लोगों के नाम एवं टेलीफोन नंबर एसओ को उपलब्ध कराने को कहा। श्री दीक्षित ने बताया कि वह शीघ्र ही पूजा करने वालों के नाम व फोन नंबर उपलब्ध करा देंगे। सीओ ने धम्म यात्रा के दौरान लगाए जाने वाले नारों के बारे में जानकारी की।

संकिसा भिक्षु संघ के अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के सहसंयोजक डॉ धम्मपाल थैरो ने बताया कि धम्म यात्रा के दौरान बौद्ध समर्थक बुद्धम शरणम गच्छामि, धम्मम शरणम् गच्छामि, संगम शरणम् गच्छामि एवं बौद्ध धर्म की क्या पहचान, मानव मानव एक समान का उच्चारण करते हैं। सीओ श्री वर्मा ने मेले में महिलाओं के श्रृंगार संबंधी दुकानों को एक ही स्थान पर लगवाने एवं पुरुषों की नो एंट्री रखने का सुझाव देते हुए कहा की महिलाओं की सुरक्षा के लिए व्यापक पुलिस फोर्स लगाया जाएगा।

श्री वर्मा ने महोत्सव के संयोजक कर्मवीर शाक्य को मेले के बजट से महिलाओं की दुकानों के निकट सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने को कहा। कर्मवीर शाक्य ने कैमरे न लगवा पानी की जानकारी देते हुए कहा कि नगर पंचायत को सीसीटीवी कैमरे लगवाने चाहिए। तभी पूर्व प्रधान दीपक राजपूत ने कहा कि यह सीसीटीवी लगवा सकते हैं मेला दुकानदारों से चंदा किया जाता है। तभी कर्मवीर शाक्य ने बताया कि वह बुद्ध विहार की जमीन पर लगने वाली दुकानों दुकानदारों से चंदा लेते हैं सड़क पर दुकानें लगाने वालों से नहीं, उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने का वादा किया।

बुद्ध महोत्सव के सहसंयोजक पूर्व प्रधानाचार्य सरदार सिंह शाक्य ने बौद्ध धर्म की जानकारी देते हुए बताया कि हम लोग शांतिपूर्वक ढंग से बौद्ध महोत्सव मानते हैं। भंते डॉ धम्मपाल थैरो की मांग पर सीओ श्री वर्मा ने थानाध्यक्ष को बताया की तीन-चार वाहनों के पास बना देना, ज्यादा पास होने पर दिक्कत होगी। कर्मवीर शाक्य ने स्तूप के निकट ही वाहनों के लिए पार्किंग बनाई जाने की मांग की। पूर्व प्रधान राघव दीक्षित ने बताया कि पार्किंग के लिए विद्युत पावर हाउस के अलावा स्तूप के पीछे जगह खाली पड़ी है।

इस पर अधिकारियों ने कहा की पार्किंग की जगह थाना अध्यक्ष देख लेंगे। कर्मवीर शाक्य विपक्षियों के पट्टे निरस्त होने का अदालती आदेश के साथ ही इंतखाब देकर एसडीएम सदर से कहा की जगह के अभाव में कार्यक्रम स्थल के निकट ग्राम पंचायत की जमीन को खाली करा दिया जाए। सीओ श्री वर्मा ने सभी लोगों से कार्यक्रम से संबंधित कोई भी आपत्तिजनक वीडियो एवं पोस्ट को फॉरवर्ड न करने एवं अपने स्तर से कोई जवाब देने की हिदायत देते हुए कहा किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी थानाध्यक्ष व मुझे दी जाए।

उन्होंने एक वीडियो को भी दिखाया जिसमें फर्रुखाबाद में बर्फ की बारिश का दृश्य दिखाते हुए बताया कि एआई के जमाने में फर्जी वीडियो एवं पोस्टें डाली जाती है जिसे सतर्क रहना बहुत जरूरी है। पूर्व प्रधान राघव दीक्षित ने अधिकारियों आदि लोगों को बताया कि किसी समय प्रशासन की ओर से बौद्ध महोत्सव उनके आवास पर मनाया जाता था इस संबंध में उन्होंने कागजात भी दिखाये। बैठक में थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह के अलावा भंते धम्म रतन, भंते आनंद, डॉ देवेश शाक्य, अगौनापुर के सुरेश शाक्य एवं सुशील दीक्षित हरिओम, सुनील मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे। बैठक के बाद अधिकारियों ने बुद्ध विहार परिसर में स्थित टीन शेड कार्यक्रम स्थल का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

error: Content is protected !!