फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) 17 अक्टूबर 26। फर्रुखाबाद बाईपास स्थित सी० पी० इंटरनेशनल स्कूल, में दादा-दादी और नाना-नानी के सम्मान में ग्रैंडपेरेंट टीचर मीटिंग का भव्य आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन में बुजुर्गों के अनुभवों और संस्कारों के महत्व को रेखांकित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने सुंदर नृत्य, गीत और नाटिकाओं के जरिए बड़ों के प्रति अपना प्रेम व्यक्त कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ० मिथिलेश अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में माता-पिता के साथ-साथ दादा-दादी के संस्कार सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। बुजुर्ग परिवार की मजबूत नींव हैं, जो बच्चों को सही दिशा और नैतिक मूल्य सिखाते हैं। डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती अंजू राजे ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में बड़ों के प्रति आदर और पारिवारिक मूल्यों की भावना मजबूत होती है। प्रधानाचार्य पीरथ ने कहा कि आज के दौर में बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखना आवश्यक है। ग्रैंडपेरेंट्स ही बच्चों के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं, जिनकी छत्रछाया में बच्चे बेहतर नागरिक बनते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उप प्रधानाचार्य नवीन शाक्य ने सभी अतिथियों व परिजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बुजुर्गों की गरिमामयी उपस्थिति और आशीर्वाद ने इस आयोजन को अत्यंत सफल और यादगार बना दिया है। अंत में शिक्षकों और परिजनों के बीच बच्चों के सर्वांगीण विकास पर सकारात्मक चर्चा हुई, तथा सभी बुजुर्गों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की।

